सोम, 19 अक्टू. 2026

CGKhabar

रेप के बाद बच्ची की हत्या, सगा चाचा ही आरोपी

छत्तीसगढ़ रेप के बाद बच्ची की हत्या, सगा चाचा ही आरोपी

C

CG Khabar

07 अप्रै. 2025, 07:44 AM 3 मिनट में पढ़ें 3

 रेप के बाद हत्या
रेप के बाद हत्या

भिलाई | संवाददाताः छत्तीसगढ़ के भिलाई में छह साल की मासूम बच्ची की हत्या मामले में पुलिस ने बड़ा राज खोला है. बच्ची की रेप के बाद हत्या की गई है. इस घृणित वारदात को अंजाम देने वाला कोई और नहीं मासूम का सगा चाचा ही था.


पुलिस के अनुसार आरोपी ने पहले बच्ची को गला दबाकर मारा फिर पड़ोसी को फंसाने उसकी कार में लाश को डाल दिया. 

विज्ञापन


एएसपी सुखनंदन राठौर ने प्रेस कांफ्रेंस कर मामले का राज खोला है. पुलिस ने बताया कि मुख्य आरोपी बच्ची का सगा चाचा सोमेश यादव है. उसने अपने घर में ही घटना को अंजाम दिया था. घटना के समय घर पर कोई नहीं था. बच्ची की बुआ और दादी पूजा करने मंदिर गई थीं.


आरोपी ने ऐसा क्यों किया इसकी जांच और पूछताछ की जा रही है. परिवार के बीच किसी प्रकार के विवाद का पता नहीं चला है. 


पुलिस ने कहा कि घटना के बाद कल 5 संदिग्ध लोगों को उठाया था. आज शॉर्ट पीएम रिपोर्ट में सेक्सुअल एसाल्ट पाया गया.


आरोपी ने छत पर दुष्कर्म का प्रयास किया. 3 संदेहियों से अलग-अलग पूछताछ की गई थी. साक्ष्य के आधार पर एक ही आरोपी साबित हुआ है. 


आरोपी ने हत्या के बाद लाश छुपाने के लिए पड़ोसी की कार का इस्तेमाल किया था. आरोपी को मालूम था कि कार का एक दरवाजा खराब है. जिसका फायदा उठाते हुए आरोपी ने शव को कार में छिपा दिया था.


पुलिस का कहना है कि आरोपी को शीघ्र सजा दिलाने के लिए मामला फास्ट ट्रैक कोर्ट में चलाया जाएगा. 


पुलिस ने बताया कि कार में बच्ची का शव मिलने के बाद गुस्साई भीड़ ने कार मालिक के घर और गाड़ियों में तोड़फोड़ करते हुए आग लगा दी थी.


वीडियो के आधार पर उपद्रवियों की पहचान कर ली गई है, जिनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी.


पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद परिजनों को बच्ची का शव सौंपा गया. पुलिस सुरक्षा के बीच मासूम का अंतिम संस्कार कर दिया गया है.


दरअसल कल सुबह करीब 9 बजे छह साल की मासूम बच्ची कन्याभोज के लिए निकली थी. लेकिन वह अचानक लापता हो गई.


शाम तक बच्ची के घर नहीं लौटने पर परिजनों ने इसकी सूचना पुलिस को दी. पुलिस ने खोजबीन शुरू की. शाम को बच्ची की लाश घर के पास खड़ी पड़ोसी युवक की कार में मिली.


पुलिस ने मौके पर पहुंचकर बच्ची के शव को दुर्ग जिला अस्पताल भेजा, वहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. 


बच्ची के शरीर पर चोट के निशान थे. होंठ और नाक से खून निकलने के साथ हाथ अकड़े हुए थे. इस घटना के बाद इलाके में काफी तनाव का माहौल निर्मित हो गया था.


लोगों में भारी आक्रोश था. नाराज लोगों ने देर रात करीब 1 बजे कार मालिक के धावा बोल दिया. आरोपी के घर में आगजनी और तोड़फोड़ कर दी थी.


इसकी सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में पुलिस वहां पहुंची और लोगों को शांत कराया. पुलिस ने कहा कि संदेही युवक को हिरासत में लेकर थाने में पूछताछ की जा रही है.


इसके बाद आक्रोशित लोग अपने-अपने घर चले गए. पुलिसकर्मी भी रात लगभग 12 बजे घटनास्थल से चले गए.


जैसे ही पुलिस रवाना हुई वैसे ही आक्रोशित मोहल्लेवासी फिर सड़क पर उतर आए और पड़ोसी कार मालिक के घर में आगजनी और तोड़फोड़ कर दी.


घर पर रखी बाइकें पूरी तरह जलकर खाक हो गईं. बड़ी मुश्किल में घर के लोगों ने अपनी जान बचाई थी. 


इसकी सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में पुलिस मौके पर पहुंची और आग को बुझाया. रात करीब 2 बजे तक गुस्साए लोग सड़क पर घूम रहे थे.


हालात बिगड़ते हुए देख पूरे क्षेत्र में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया था. साथ ही पुलिस 4-5 संदेहियों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही थी. रातभर इलाके में तनाव का माहौल रहा.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP