माओवादियों ने महीने में चौंथी बार की शांति वार्ता की पेशकश
घबराए माओवादी, ऑपरेशन रोकने की अपील
बीजापुर | संवाददाताः छत्तीसगढ़ के बीजापुर और तेलंगाना सीमा पर माओवादियों के खिलाफ अब तक का सबसे बड़ा ऑपरेशन शुरू होते ही माओवादी घबरा गए हैं.दहशत में आए माओवादियों ने सरकार से शांति वार्ता की अपील की है. माओवादियों ने प्रेस नोट जारी कर इस अभियान को तुरंत रोकने की अपील की है.
उत्तर पश्चिम सब जोनल ब्यूरो के प्रभारी रूपेश ने प्रेस नोट जारी कर कहा है कि इस समस्या का समाधान शांति वार्ता के जरिए हो. हम शांति वार्ता के लिए तैयार हैं.
पहले भी हमारी केंद्रीय कमेटी ने शांति वार्ता के लिए पत्र जारी किया था. विश्वास की कमी को दूर करने लगातार प्रयास जारी हैं.
इस अभियान को तुरंत रोकना चाहिए सुरक्षा बलों को वापस लेना चाहिए.
उन्होंने लिखा है कि हम सरकार से अनुरोध कर रहे हैं कि वार्ता के जरिए समाधान का रास्ता अपनाएं. अनुकूल माहौल बनाएं.
इस रास्ते से सकारात्मक नतीजा निकलेगा. बंदूक के बल पर समाधान नहीं होगा. सैनिक अभियान को एक महीने के लिए स्थगित करें.
हमारी इस अपील पर सरकार से सकारात्मक प्रतिक्रिया की उम्मीद है.
दरअसल, छत्तीसगढ़ के बीजापुर-तेलंगाना बॉर्डर पर माओवादियों के खिलाफ सरकार ने बड़ा ऑपरेशन लॉन्च किया है.
इस ऑपरेशन को तेलंगाना और छत्तीसगढ़ की संयुक्त टीम द्वारा चलाया जा रहा है. इस ऑपरेशन का आज चौथा दिन है. पिछले 90 घंटों से मुठभेड़ जारी है.
इस ऑपरेशन में 5 से 8 हजार जवान शामिल हैं. इसके बाद भी अतिरिक्त बल मौके के लिए भेजा जा रहा है.
अभी तक सुरक्षा बलों के हाथों इस अभियान में 5 माओवादी मारे जा चुके हैं. बताया जा रहा है कि सुरक्षा बलों ने चारों ओर से माओवादियों को घेर रखा है.