बीजापुर में आईईडी ब्लास्ट, 3 जवान घायल
छत्तीसगढ़ के बीजापुर में आईईडी ब्लास्ट से 3 जवान घायल
बीजापुर | संवाददाताः छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में मंगलवार को आईईडी की चपेट में आने से दो जवान घायल हो गए हैं.
वहीं एक अन्य जवान का पैर स्पाइक ट्रैक में फंस गया, जिससे वह भी घायल हो गया.
घायल तीनों जवानों को एयरलिफ्ट कर बेहतर उपचार के लिए रायपुर भेजा गया है. घटना की पुष्टि बीजापुर एसपी ने की है.
पुलिस के मुताबिक घटना गंगालूर थाना क्षेत्र की है. पुलिस को सूचना मिली थी कि गंगालूर इलाके में बड़ी संख्या में माओवादियों की मौजूदगी है.
इसी सूचना के आधार पर डीआरजी और सीआरपीएफ के जवानों की संयुक्त टीम को मौके के लिए रवाना किया गया था.
सर्चिंग के दौरान जवान घने जंगल से होकर गुजर रहे थे. उसी दौरान जवान, माओवादियों द्वारा लगाए गए प्रेशर आईईडी की चपेट में आ गए.
जैसे ही जवान का पैर आईईडी पर पड़ा जोरदार धमाका हुआ. जिससे दो जवान गंभीर रूप से घायल हो गए.
घटना स्थल से कुछ दूरी पर माओवादियों ने स्पाइक होल भी लगा रखा था, जिसमें पैर फंसने से एक अन्य जवान जख्मी हो गया.
साथी जवान, तीनों घायल जवानों को मौके से निकाल कर अस्पताल लेकर आए. जहां प्राथमिक उपचार के बाद तीनों को रायपुर रेफर कर दिया गया है.
बताया जा रहा है कि तीनों जवानों की स्थिति खतरे से बाहर है. वहीं बाकी जवान इलाके में अभी भी सर्च आपरेशन चला रहे हैं.