तेज रफ्तार बाइक पेड़ से टकराई, तीन दोस्तों की मौत
बलरामपुर | संवाददाताः छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले में तेज रफ्तार बाइक सवार 3 युवक पेड़ से टकरा गए. हादसे में तीनों की मौके पर ही मौत हो गई.
बताया गया कि तीनों युवक आपस में दोस्त थे. बीती रात को पास के गांव में आर्केस्ट्रा देखने गए थे. देर रात को वापस लौटते समय हादसे का शिकार हो गए. रात भर तीनों जंगल में भी पड़े रहे. मंगलवार की सुबह वहां से गुजर रहे राहगीरों ने देखा.
पुलिस के मुताबिक घटना वाड्रफनगर चौकी क्षेत्र के पेंडारी गांव की है. बताया गया कि तीनों युवक अमन भारती, बिजेन्द्र कुमार और अमरेश मरकाम अंबिकापुर में रहकर काम करते थे.
तीनों सोमवार को अमन भारती के रिश्तेदार के घर कोटराही गांव आए थे. वहां पेंडारी गांव में आर्केस्ट्रा का कार्यक्रम होने की जानकारी मिली तो तीनों पेंडारी चले गए.
देर रात तक आर्केस्ट्रा देखने के बाद तीनों बाइक से वापस लौट रहे थे. इसी दौरान बलंगी-वाड्रफनगर मुख्य मार्ग पर पेंडारी मोड़ के पास उनकी बाइक सड़क से उतर कर सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई.
टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और तीनों युवक उछलकर सड़क किनारे जंगल में जा गिरे.
रात भर तीनों वहीं पड़े रहे. आज सुबह वहां से गुजर रहे लोगों ने उन्हें देखा और घटना की जानकारी पुलिस को दी.
पुलिस मौके पर पहुंची तब तक तीनों की मौत हो चुकी थी. पुलिस ने तीनों के परिजनों को घटना की सूचना दी.
घटना की सूचना मिलते ही अमरेश मरकाम और बिजेंद्र के परिजन भी मौके पर पहुंचे.
पुलिस ने तीनों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए वाड्रफनगर भेजा. फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है
अज्ञात वाहन की ठोकर से महिला की मौत
इधर अंबिकापुर-बिलासपुर मार्ग में उदयपुर के पास नेशनल हाईवे 130 में तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने सड़क पार कर रही महिला को टक्कर मार दी.हादसे में महिला की मौके पर ही मौत हो गई.
पुलिस के अनुसार महिला बीती रात को करीब 12.30 बजे एमपी ढाबे से खाना लेकर लौट रही थी. उसी समय अज्ञात वाहन ने उसे ठोकर मार दी.
गंभीर हालत में महिला को उदयपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया. महिला की शिनाख्त नहीं हो सकी है.
लिफ्ट से गिरकर युवक की मौत
एक अन्य घटना दुर्ग जिले के भिलाई के सुपेला थाना क्षेत्र की है. मंगलवार की सुबह चन्द्रा-मौर्या चौक स्थित चौहान स्टेट की लिफ्ट में गिरने से डुंडेरा उतई निवासी राजा बांदे की मौत हो गई.
बताया गया कि तीसरी मंजिल में लिफ्ट का दरवाजा खुला था लेकिन लिफ्ट नीचे थी.
राजा बांदे उसे देख नहीं पाया और सीधे लिफ्ट के अंदर घुसा और नीचे गिर गया.
घटना की सूचना मिलते ही एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और बड़ी मुश्किल से युवक को बाहर निकाला.
युवक के सिर, कमर और पैर पर काफी गंभीर चोटें आई थी. तत्काल उसे लाल बहादुर शास्त्री अस्पताल सुपेला पहुंचाया. वहां इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया.
बताया गया कि चार महीने पहले भी चौहान स्टेट की लिफ्ट में गिरने से एक युवक की मौत हो गई थी. चार महीने में यह दूसरी घटना है.
इससे पहले चौथी मंजिल से गिरकर युवक की मौत हुई थी. मृतक की पहचान विनय गुप्ता निवासी कर्मा स्कूल के पीछे वार्ड-17 सुपेला के रूप में हुई थी.