नक्सल मुक्त पंचायतों को सरकार देगी 1 करोड़
छत्तीसगढ़ नक्सल मुक्त पंचायतों को सरकार देगी 1 करोड़
रायपुर | संवाददाताः छत्तीसगढ़ सरकार ने प्रदेश को नक्सल मुक्त करने के लिए बड़ा ऐलान किया है. नक्सल मुक्त होने वाली ग्राम पंचायतों को सरकार ने 1 करोड़ रुपए देने की घोषणा की है.
इस राशि का उपयोग ग्राम पंचायत के विकास कार्यों में किया जाएगा. इसके अलावा आत्मसमर्पण करने वाले माओवादियों के लिए इनाम की राशि भी डबल होगी.
इसकी घोषणा उपमुख्यमंत्री और गृहमंत्री विजय शर्मा ने शुक्रवार को की है.
डिप्टी सीएम विजय शर्मा ने पत्रकारों से चर्चा करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ से नक्सलियों का खात्मा करने के लिए सरकार हर संभव प्रयास कर रही है.
हर बार नए फैसले लिए जा रहे हैं. इस बार सरकार ने भी नक्सल अभियान के तहत एक बड़ा फैसला लिया है.
नक्सलवाद को खत्म करने के लिए सरकार शून्य-सहिष्णुता की नीति पर जोर दे रही है.
उन्होंने कहा कि सरकार ने घोषणा की है कि जो पंचायतें माओवाद मुक्त घोषित होंगी, उन्हें 1 करोड़ रुपए की राशि विकास कार्यों के लिए दी जाएगी.
जो पंचायत खुद नक्सल मोर्चे में शामिल लोगों को समर्पण कराने के लिए प्रेरित करेंगी और समर्पण करवायेंगी तो वह गांव नक्सल मुक्त हो जाएंगे.
उसे नक्सल मुक्त गांव का सर्टिफिकेट दिया जाएगा. पंचायत विभाग नक्सल आत्मसमर्पण पर काम कर रहा है.
डिप्टी सीएम ने कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार ने नई पुनर्वास नीति भी लागू की है.
आत्मसमर्पण करने वाले माओवादियों को 10 हजार रुपए की सहायता राशि और प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत घर दिया जाएगा.
यदि समूह में समर्पण करते हैं तो सहायता राशि डबल दी जाएगी. शहीद जवानों के परिवारों की सुनवाई हर दूसरे बुधवार को आईजी रेंज में होगी.
वीर बलिदान योजना के तहत शहीदों की मूर्तियां लगाई जाएंगी. इसके लिए टेंडर प्रक्रिया पूरी हो चुकी है.