भिलाई स्टील प्लांट में लगी आग
छत्तीसगढ़ भिलाई स्टील प्लांट में लगी आग
दुर्ग | संवाददाताः छत्तीसगढ़ के भिलाई स्टील प्लांट में सोमवार शाम को भीषण आग लग गई. आग से प्लांट के अंदर धुएं का गुबार उठने लगा. आग इतनी तेजी से फैली कि कर्मचारियों में अफरा-तफरी मच गई. तत्काल घटना की सूचना दमकल विभाग को दी गई.
मिली जानकारी के अनुसार आग बीएसपी के कोक ओवन के जीसीपी एरिया डिसेंटर 9 के डंप यार्ड में लग गई. अचानक आग लगने से वहां काम कर रहे कर्मचारियों ने इसकी सूचना तत्काल अधिकारियों को दी.
अधिकारियों ने इसकी सूचना प्लांट के दमकल विभाग को दी. कुछ देर में फायर ब्रिगेड की टीम गाड़ी लेकर आग बुझाने पहुंच गई.
आग की लपटें इतनी तेज थी. जिसे देखते हुए दमकल की और गाड़ियां बुलाई गई. काफी मशक्कत के बाद दमकल की 10 गाड़ियों की मदद से आग पर काबू पाया गया. इस दौरान बीएसपी के आला अधिकारी भी मौके पर मौजूद रहे. बताया जा रहा है कि इस हादसे में भिलाई इस्पात संयंत्र को लाखों का नुकसान हुआ है.
वहीं किसी तरह की जनहानि की सूचना अब तक नहीं है. हालांकि आग लगने की वजह का अब तक खुलासा नहीं हो पाया है. लेकिन प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है.
संयंत्र प्रशासन ने इस मामले की जांच के आदेश दे दिए हैं. तकनीकी विशेषज्ञों की टीम यह पता लगाने में जुट गई है कि आखिर शॉर्ट सर्किट कैसे हुआ.