सोम, 19 अक्टू. 2026

CGKhabar

मवेशियों से फसल बचाने खेत में फैलाया करंट, दो किसानों की मौत

H

Hupendra Sharma

31 मई 2025, 09:07 AM 2 मिनट में पढ़ें 2

दो किसानों की मौत
दो किसानों की मौत

सरगुजा | संवाददाताः छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले के ग्राम लोसगी में करंट की चपेट में आने से दो युवा किसानों की मौत हो गई है. इस दर्दनाक हादसे की वजह, एक दूसरे किसान की लापरवाही के रूप में सामने आई है.


मवेशियों से धान की फसल को बचाने के लिए एक किसान ने अपने खेत के चारों ओर तार से करंट का जाल फैलाया हुआ था. जिसकी चपेट में ये दोनों आ गए. 

विज्ञापन


पुलिस के मुताबिक घटना लखनपुर थाना क्षेत्र की है. गांव के रघुनाथ मांझी नाम के किसान ने अपने खेत में करंट फैला रखा था.


उसने बिजली खंबे से सीधे हुकिंग कर यह खतरनाक जाल बिछाया था. जिसकी जानकारी किसी को नहीं थी. 


शुक्रवार शाम 7 बजे किसान विष्णु माझी अपने साथी नीर साय यादव के साथ खेत के रास्ते पंडरीपानी जाने के लिए निकले थे.


चुल्हट नाला के पास विष्णु माझी उसी करंट की चपेट में आ गया. जिसे देख नीर साय यादव उसे बचाने के लिए दौड़ा, लेकिन वह अनियंत्रित होकर करंट प्रवाहित बिजली तार में गिर गया.


तार के संपर्क में आते ही वह भी चिपक गया. दोनों दोस्तों की मौके पर ही मौत हो गई.


दोनों का शव रातभर खेत में ही पड़ा रहा. घरवालों ने उनकी तलाश की लेकिन कुछ पता नहीं चला. 


शनिवार की सुबह कुछ ग्रामीण उसी मार्ग से खेत जा रहे थे. उसी दौरान ग्रामीणों ने दोनों का शव पड़ा हुआ देखा.


ग्रामीणों ने इसकी सूचना परिजनों को दी और पुलिस को भी सूचित किया. सूचना मिलते ही लखनपुर पुलिस मौके पर पहुंची और शवों का पंचनामा कर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया.


पुलिस खेत मालिक रधुनाथ माझी से भी पूछताछ कर रही है. 

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP