भाजपा नेता की कार से कांग्रेसी की मौत, शव रख चक्काजाम
कोण्डागांव | संवाददाताः छत्तीसगढ़ के कोंडागांव जिले में भाजपा नेता पुरेन्द्र कौशिक के कार की टक्कर से कांग्रेसी कार्यकर्ता की शुक्रवार देर शाम मौत हो गई.
इस घटना पर पूर्व मंत्री मोहन मरकाम और मृतक के परिजनों ने हत्या का आरोप लगाते हुए आरोपी को गिरफ्तार करने की मांग को लेकर घंटों धरना प्रदर्शन किया.
इसके बाद शनिवार को फिर शव रखकर चक्काजाम किया. इस दौरान प्रदर्शनकारी भाजपा नेता पर एफआईआर दर्ज करने की मांग को लेकर अड़े रहे.
लगातार दबाव के बाद आखिरकार कोतवाली पुलिस ने भाजपा नेता पुरेंद्र कौशिक के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया.
इसके बाद कांग्रेसियों ने चक्काजाम बहाल किया और मृतक हेमंत के शव को लेकर लगभग 16 किमी पैदल चलकर उसके गृह ग्राम मुलमुला पहुंचे.
चक्काजाम के दौरान नेशनल हाईवे में घंटों वाहनों की लंबी कतारें लग गईं. इस दौरान कांग्रेस नेताओं की पुलिस से झड़प भी हुई. इससे पहले देर शाम कोंडागांव थाने का घेराव भी किया गया था.
पूर्व मंत्री मोहन मरकाम ने पुलिस पर आरोप लगाया कि आरोपी भाजपा नेता को कोंडागांव विधायक लता उसेंडी का संरक्षण प्राप्त है.
इसलिए पुलिस घटना के 20 घंटे बाद भी आरोपी के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं कर रही थी. ना ही एफआईआर दर्ज कर रही थी.
जिस वजह से कांग्रेसियों ने धरना प्रदर्शन किया. लगातार बने दबाव के बाद ही भाजपा नेता के खिलाफ एफआईआर दर्ज किया गया.
उन्होंने कहा कि कौशिक ने जानबूझकर राजनीतिक प्रतिद्वंद्विता के चलते हेमंत को कुचला है. वारदात के बाद उसने अपनी गाड़ी से उतरकर चेक भी किया था कि उसकी जान गई है कि नहीं. ये हादसा नहीं है, बल्कि सोची समझी साजिश है.
कैसे हुआ हादसा
दरअसल शुक्रवार की शाम मृतक हेमंत भोयर अपनी भाभी चम्पी भोयर जो कि मुलमुला गांव की सरपंच भी हैं और भाजपा नेता पुरेंद्र कौशिक की पहली पत्नी गंगीता कौशिक को बाइक में बैठकर शादी का कार्ड बांटने कोण्डागांव जा रहे थे.
इसी दौरान डोंगरीगुड़ा के पास पुरेंद्र कौशिक की कार ने उन्हें टक्कर मार दी. टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक सवार तीनों सड़क पर गिर गए.
हेमंन्त की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दोनों महिलाएं घायल हो गई.
मृतक के भाई बबलू ने आरोप लगाया है कि पंचायत चुनाव के बाद से भाजपा नेता पुरेंद्र कौशिक उन्हें मारना चाहता था.
तीनों उनके टारगेट में थे. कई बार उसके भाई के साथ विवाद भी हुआ है.
पूरे मामले पर कोंडागांव एसडीओपी रूपेश कुमार ने बताया कि मृतक हेमंत की भाभी चम्पी भोयर की रिपोर्ट पर भाजपा नेता पुरेंद्र कौशिक के खिलाफ एफआईआर दर्ज किया गया है.
आरोपी को हिरासत में लेकर आगे की कार्रवाई की जा रही है.