जशपुर के दोकड़ा में खुलेगा कॉलेज
जशपुर | संवाददाताः सुशासन तिहार में बुधवार को मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय जनता के बीच पहुंचे. जशपुर जिले के ग्राम दोकड़ा में उन्होंने आम जनता की समस्याएं सुनी. समस्याएं सुनने के बाद सीएम ने दोकड़ा में कॉलेज और मिनी स्टेडियम की घोषणा की.
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने समाधान शिविर को संबोधित करते हुए कहा कि पीएम आवास योजना की सर्वे सूची में जितने भी हितग्राहियों का नाम हैं, सभी को पीएम आवास स्वीकृत किया जाएगा.
पिछले डेढ़ साल में प्रधानमंत्री मोदी की अधिकांश गारंटी को हमारी सरकार ने पूरा किया है.
उन्होंने कहा कि सुशासन तिहार के अंतर्गत शिविर के माध्यम से लोगों की समस्याओं और मांगों का समाधान किया जा रहा है. गांव में लोगों को ऑनलाईन तथा बैंकिंग सुविधा उपलब्ध कराने के लिए 1460 ग्राम पंचायतों में अटल डिजिटल सेवा केन्द्र खोला गया है.
साय ने कहा कि केंद्रों के माध्यम से ऑनलाइन विभिन्न प्रकार के दस्तावेज प्राप्त करने और राशि के लेन-देन की सुविधा ग्रामीणों को मिलने लगी है.
सीएम ने वहां प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र, वनवासी कल्याण आश्रम के उन्नयन के साथ ही डोरियामुडा जलाशय का सौन्दर्यीकरण कराए जाने की घोषणा की. मुख्यमंत्री ने मंगल भवन के जिर्णोद्धार के लिए 20 लाख और शिव मंदिर परिसर के जीर्णोद्धार कराए जाने की भी मंजूरी दी.
मुख्यमंत्री ने पीएम आवास योजना के हितग्राहियों को नए आवास स्वीकृति के साथ ही पूर्ण हो चुके पीएम आवासों की चाबी सौंपकर उन्हें गृह प्रवेश कराया.
हरगवां का किया दौरा
इसके बाद सीएम का हेलीकॉप्टर जनपद पंचायत शंकरगढ़ के ग्राम पंचायत हरगवां के ढोढ़रीखाला (नवापारा) पारा में उतरा. यहां एक पेड़ के नीचे चौपाल लगाकर मुख्यमंत्री ने ग्रामीणों से सीधा संवाद किया और उनकी समस्याएं सुनीं. ग्रामीणों ने खुलकर अपनी बातें रखीं.
एक महिला ने पानी की समस्या बताई, जिस पर मुख्यमंत्री ने मौके पर मौजूद अधिकारियों से वास्तविक जानकारी ली. बेलसर गांव की दीपू बघेल ने वन भूमि पट्टा पर खेती न कर पाने की बात बताई.
मुख्यमंत्री ने इस पर जिला प्रशासन और पुलिस विभाग को तत्काल जांच कर उचित कार्रवाई के निर्देश दिए.
मुख्यमंत्री ने ग्रामीणों से पूछा कि सरकार की योजनाओं का लाभ मिल रहा है या नहीं. पटवारी गांव में आते हैं या नहीं और राजस्व संबंधी कोई समस्या तो नहीं है.