छत्तीसगढ़ में अगले 5 दिन आंधी-बारिश के आसार
रायपुर | संवाददाताः छत्तीसगढ़ में मौसम का मिजाज बुधवार को भी आंधी-बारिश वाला ही रहने का अनुमान है. पिछले दो दिनों से राज्य के अधिकांश क्षेत्रों में आंधी-बारिश के साथ ओलावृष्टि हुई है. इससे तापमान में काफी हद तक कमी आई है. तपती गर्मी से लोगों को निजात मिली है.
मौसम विभाग ने आज रायपुर, बिलासपुर, सरगुजा और बस्तर संभाग के लिए यलो अलर्ट जारी किया है. साथ ही प्रदेश में अगले 4 से 5 दिन अंधड़ और बारिश का अलर्ट जारी किया है.
इस दौरान तेज हवा के साथ गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश भी हो सकती है. मंगलवार को प्रदेश में मौसम का अलग-अलग रंग देखने को मिला. कुछ जगहों पर सुबह से बदली छाई हुई थी.
वहीं दोपहर में तेज धूप ने लोगों को बेहाल कर दिया. इसके बाद शाम को गरज चमक के साथ बारिश हुई. रायगढ़, बस्तर, कवर्धा, बालोद, दुर्ग में तेज हवाओं के साथ बारिश हुई. अंबिकापुर, बालोद और कवर्धा में बारिश के साथ ओले भी गिरे.
जांजगीर-चांपा में तो रुक-रुक कर करीब तीन से चार घंटे तक बारिश हुई. इस बीच कई बार झमाझम बारिश भी हुई. मौसम विभाग के अनुसार उत्तर-पश्चिम मध्य प्रदेश से लेकर उत्तर तमिलनाडु तक एक उत्तर-दक्षिण द्रोणिका फैली हुई है, जो 1.5 किलोमीटर की ऊंचाई पर स्थित है.
यह द्रोणिका उत्तर-पश्चिम मध्य प्रदेश के आसपास के क्षेत्रों में ऊपरी हवा के चक्रवाती परिसंचरण से शुरू होकर विदर्भ, मराठवाड़ा, आंतरिक कर्नाटक और तमिलनाडु होते हुए दक्षिण तमिलनाडु तक समुद्र तल से 0.9 किलोमीटर ऊपर तक पहुंचती है.
इस मौसमी गतिविधि का असर छत्तीसगढ़ के मौसम पर भी पड़ रहा है. जिसके चलते आज कुछ इलाकों में हल्की वर्षा होने अथवा गरज चमक के साथ छींटे पड़ने की संभावना है.
साथ ही गरज चमक के साथ अंधड़ चलने, वज्रपात होने और ओलावृष्टि होने की संभावना है. वहीं कुछ स्थानों पर 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने की संभावना है.