सीआरपीएफ जवानों की गाड़ी 200 फीट खाई में गिरी, 3 की मौत
जम्मू | डेस्कः जम्मू-कश्मीर के उधमपुर जिले में गुरुवार सुबह केन्द्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) जवानों की बंकर गाड़ी 200 फीट गहरी खाई में गिर गई.
इस हादसे में 3 जवानों की मौत हो गई, जबकि 15 अन्य घायल हो गए. इनमें से 8 जवानों की हालत गंभीर है. घटना की पुष्टि एएसपी संदीप भट ने की है.
बताया गया कि सीआरपीएफ की 187वीं बटालियन के 23 जवान बस से उधमपुर जिले में कदवा से बसंतगढ़ की ओर जा रहे थे.
उसी दौरान कदवा इलाके में पहाड़ी मोड़ पर गाड़ी अनियंत्रित होकर खाई में जा गिरी.
हादसे की जानकारी लगते ही नजदीकी गांव के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को घटना की सूचना दी.
पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया. जवानों को रस्सी और बांस के सहारे बाहर निकाला गया.
घटनास्थल से 3 शव बरामद किए जा चुके हैं. जबकि कई जवान गंभीर रूप से घायल हैं. घायल जवानों का उपचार बसंतगढ़ में चल रहा है.
जबकि 8 गंभीर रूप से घायल जवानों को एयरलिफ्ट कर उधमपुर के सैन्य अस्पताल में भर्ती कराया गया है. इनमें से कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है.