भाजपा अपने भवन का नाम नमकहराम रखे- बैज
रायपुर | संवाददाताः छत्तीसगढ़ कांग्रेस के भीतर इन दिनों सब कुछ ठीक नहीं चल रहा है. पूर्व मंत्री रविन्द्र चौबे और चरणदास महंत के बयान के बाद बवाल मचा हुआ है.
बुधवार को जिलाध्यक्षों की बैठक में रविन्द्र चौबे के खिलाफ अनुशासनहीनता के तहत कार्रवाई करने का प्रस्ताव पारित किया गया.
इसके बाद गुरुवार को रविन्द्र चौबे पीसीसी चीफ दीपक बैज से मुलाकात करने राजीव भवन पहुंचे. जहां दोनों नेताओं के बीच काफी देर तक चर्चा हुई.
बैठक के बाद चौबे ने कहा कि दीपक बैज कांग्रेस के अध्यक्ष हैं और हमारा समर्थन उनके साथ है. बैज के नेतृत्व में मजबूती से कांग्रेस लड़ाई लड़ रही है. दीपक बैज बहुत ही परिपक्व नेता है.
पूर्व मंत्री चौबे ने आगे कहा कि भूपेश बघेल के जन्मदिन पर कही बातों को भ्रम पूर्वक फैलाया गया. मीडिया पर बातों को गलत तरीके से पेश किया गया.
इस मुलाकात पर दीपक बैज ने कहा कि चौबे ने अपनी बात रखी है. उनसे बहुत सारे विषयों पर चर्चा हुई है. कांग्रेस कलेक्टिव लीडरशिप से भारतीय जनता पार्टी सरकार के खिलाफ लड़ रही है. आगे भी कलेक्टिव लीडरशिप से लड़ेंगे. पार्टी के लिए अगर कोई बातें है तो यह बंद कमरे की बातें हैं.
रविंद्र चौबे के खिलाफ अनुशासनहीनता प्रस्ताव पारित के सवाल पर कहा कि यह घर की बात है. चौबे हमारे वरिष्ठ नेता हैं. मध्य प्रदेश से लेकर छत्तीसगढ़ में मंत्री के पद में रहे हैं. आने वाले समय में हम लोग पार्टी को मजबूत करने की दिशा में काम करेंगे.
दीपक बैज ने महंत के चमचे वाले बयान पर कहा कि कांग्रेस की बैठक में बहुत सारे मुद्दे थे. बैठक में संगठन सृजन अभियान पर चर्चा की गई. कांग्रेस को मजबूत करना हमारा मकसद है. बैठक में जो बातें हुई, वह घर की बात है, पार्टी की बात है.
वहीं प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन को चमचा भवन बताते हुए भाजपा के पोस्टर जारी किए जाने पर दीपक बैज ने पलटवार करते हुए कहा कि भाजपा को अपने भवन का नाम नमक हराम भवन रखना चाहिए.