सड़क हादसों में 24 घंटों में 8 की मौत
रायपुर | संवाददाताः छत्तीसगढ़ के अलग-अलग जिलों में बीते 24 घंटों में हुई अलग-अलग सड़क दुर्घटनाओं में 8 लोगों की मौत हो गई. वहीं कई लोग घायल हैं.
इनमें से एक ट्रक ड्राइवर तो केबिन में ही फंसकर जिंदा जल गया. ये हादसे धमतरी, बलरामपुर, कोरबा, बालोद और बिलासपुर जिले में हुए हैं.
धमतरी जिले में दो अलग-अलग हादसों में तीन लोगों की मौत हो गई है. जिले के भरदा निवासी टेमन साहू और साहिल साहू सोमवार की सुबह एक ही बाइक पर सवार होकर जा रहे थे.
दोनों मगरलोड पहुंचे थे, उसी समय उनकी बाइक डिवाइडर से टकरा गई.
बाइक काफी तेज गति में थी इसलिए दोनों संभल नहीं पाए और वहीं गिर गए. हादसे में साहिल की घटना स्थल पर ही मौत हो गई.
वहीं टेमन साहू गंभीर रूप से घायल हो गए. उसे रायपुर अस्पताल लाया जा रहा था लेकिन रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया.
अज्ञात वाहन की टक्कर से मौत
दूसरी घटना धमतरी जिले के भखारा थाना के ग्राम चरौटा की है. चरौटा निवासी विरेन्द्र यादव और सोमप्रकाश को अज्ञात वाहन ने गांव में टक्कर मार दी.
दोनों लोहारपथरा से वापस लौट रहे थे. हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए थे.
दोनों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया. जहां वीरेन्द्र यादव की मौत हो गई. सोमप्रकाश का इलाज जारी है.
दो बाइकों में भिड़ंत
बलरामपुर जिले के कुसमी थाना क्षेत्र के कसमार मोड़ पर बीती रात को दो मोटर साइकिलों में भिड़ंत हो गई.
इस हादसे में दोनों युवकों की मौत हो गई. मृतक में एक नाबालिग भी है.
बताया गया कि रातासिली निवासी युवक सोनू एक्का अपने साथी मनोज के साथ ग्राम करकली शंकरगढ़ गया था. वहां से रात में घर लौट रहा था.
वहीं दूसरा बाइक सवार डिंडो निवासी अयाज एराकी भी अपने दोस्त सैफ के साथ करकेली गांव गया था. वह भी वापस घर लौट रहा था.
उसी समय गलफुला नदी के पास दोनों की बाइक आमने-सामने से टकरा गई. भिड़ंत इतनी जबरदस्त थी कि दोनों बाइक पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गईं.
हादसे में फिरोज एराकी और सोनू एक्का की मौके पर मौत हो गई. दोनों बाइकों में उनके साथ सवार साथी गंभीर रूप से घायल हो गए.
जिंदा जला ड्राइवर
कोरबा जिले के दर्री थाना क्षेत्र के गेरवाघाट पुल के आगे दो ट्रकों में टक्कर हो गई.
जोरदार टक्कर के बाद दोनों वाहनों में आग लग गई. हादसे के बाद अफरा-तफरी का माहौल बन गया.
आग लगने के बाद एक ट्रक का चालक केबिन में फंस गया और बाहर नहीं निकल सका. वह केबिन के अंदर ही जिंदा जल गया.
मृतक की पहचान परमेश्वर मांझी, निवासी पत्थलगांव के रूप में हुई है. वहीं, दूसरे ट्रक का चालक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
बस खड़े ट्रक से टकराई
एक अन्य घटना बालोद जिले की है. राष्ट्रीय राजमार्ग 30 पर सोमवार सुबह जगदलपुर से रायपुर जा रही बस खड़े ट्रक से टकरा गई.
इस हादसे में बस कंडक्टर की मौके पर ही मौत हो गई. वहीं करीब 12 यात्री घायल हो गए हैं.
घायलों का धमतरी में इलाज चल रहा है. बताया गया कि घटना सोमवार तड़के 4 बजे की है. हादसे के समय अधिकतर यात्री सो रहे थे.
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस के शीशे टूट गए और यात्री इधर-उधर गिरने लगे.
ट्रेलर-माजदा में टक्कर
बिलासपुर के रतनपुर बायपास में सोमवार को एक तेज रफ्तार ट्रेलर और माजदा के बीच टक्कर हो गई.
टक्कर इतनी जोरदार थी कि एक वाहन मुख्य मार्ग पर और दूसरा सड़क किनारे पलट गया.
रतनपुर पुलिस के मुताबिक कोरबा की ओर से आ रहे ट्रेलर ने अनियंत्रित होकर विपरीत दिशा से आ रही माजदा को टक्कर मार दी.
इस हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई है, जबकि 2 लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं. घायलों का उपचार सिम्स अस्पताल में चल रहा है.