बस्तर में अलग-अलग सड़क हादसों में 7 की मौत
रायपुर | संवाददाताः छत्तीसगढ़ के बस्तर में शनिवार को अलग-अलग सड़क हादसों में 7 लोगों की मौत हो गई. इनमें से 4 दोस्त तो कार में जिंदा जल गए.
वहीं नैनी नदी में एक यात्री बस पुल की रेलिंग से टकरा गई, जिसमें हेल्पर की मौत हो गई.
एक तेज रफ्तार कार ने बाइक सवार युवकों को चपेट में ले लिया. जिससे कार चालक सहित बाइक सवार एक की जान चली गई.
एक अन्य घटना कोरबा जिले की है. जहां अज्ञात वाहन ने युवक को कुचल दिया.
जिंदा जले चार दोस्त
छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले में एक तेज रफ्तार कार पुल से टकरा गई. टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार में आग लग गई और 4 दोस्त जिंदा जल गए.
वहीं दो युवक गंभीर रूप से घायल हैं. घटना कोतवाली थाना क्षेत्र के आतुरगांव की है.
युवक स्विफ्ट डिजायर कार में सवार होकर 6 युवक केशकाल से कांकेर आ रहे थे.
उसी दौरान नेशनल हाईवे 30 पर आतुरगांव के पास तेज रफ्तार कार पुल की रेलिंग से टकरा गई.
टक्कर के बाद कार में आग लग गई. कार में सवार 6 लोगों में से चार जिंदा जल गए. वहीं दो लोग बाहर फेंका जाने की वजह से घायल हुए हैं.
पुल की रेलिंग से टकराई बस, हेल्पर की मौत
इधर, कांकेर जिले की नगर पंचायत चारामा में आज दोपहर 12 बजे एक यात्री बस नैनी नदी पुल के डिवाइडर से टकरा गई.
इस हादसे में बस हेल्पर की मौके पर मौत हो गई. बस में सवार सभी यात्री और ड्राइवर को सुरक्षित बचा लिया गया है.
यह हादसा नेशनल हाईवे 30 पर राम जानकी मंदिर के पास स्थित कंडेल चौक के पास की है.
बताया जा रहा है बस चालक एक बाइक सवार को बचाने के प्रयास में बस पर नियंत्रण नहीं रख पाया और बस पुल की रेलिंग से टकरा गई.
स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से बस में सवार यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया. हेल्पर के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया.
कार-बाइक में टक्कर, दो की मौत
एक अन्य घटना में कार और बाइक में जोरदार भिड़ंत हो गई. इस हादसे में बाइक सवार एक युवक और कार चालक की मौत गई. जबकि बाइक दूसरा युवक गंभीर रूप से घायल है.
फरसगांव नेशनल हाइवे-30 में मांझी आठागांव के पास कांकेर की ओर से आ रही तेज रफ्तार कार ने बाइक को टक्कर मार दी.
टक्कर इतनी जोरदार थी कि एक बाइक सवार एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई.
दूसरा युवक कार की छत पर लटक गया. इसके बाद भी कार ड्राइवर ने कार नहीं रोकी और करीब 8 किलोमीटर तक उसी स्थिति में युवक को ले गया.
बोरगांव के पास जब उसने अचानक ब्रेक लगाया, तो छत पर लटका युवक नीचे गिर गया. युवक के सिर, हाथ और पैरों में गंभीर चोटें आईं हैं.
इसके बाद पुलिस ने कार का पीछा किया, तो कार डिवाइडर से टकरा गई, जिससे चालक गंभीर रूप से घायल हो गया.
बाद में अस्पताल में इलाज के दौरान उसकी भी मौत हो गई. अभी तक मृतकों की पहचान नहीं हो पाई है. घायल बाइक सवार का फरसगांव में इलाज चल रहा है.
अज्ञात वाहन ने युवक को कुचला
छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में एक अज्ञात वाहन ने युवक को कुचल दिया. गंभीर हालत में उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसने दम तोड़ दिया.
यह घटना उरगा-चांपा मार्ग पर मड़वारानी के पास की है. मृतक की पहचान पीलू सहिस के रूप में हुई है.
युवक चांपा रेलवे स्टेशन के पास बस्ती में रहता था. युवक रोजी-मजदूरी का काम करता था.
पुलिस मर्ग कायम कर आरोपी ड्राइवर की तलाश कर रही है.