सोम, 19 अक्टू. 2026

CGKhabar

छत्तीसगढ़ के 64 शिक्षक राजभवन में हुए सम्मानित

H

Hupendra Sharma

05 सित. 2025, 10:42 AM 4 मिनट में पढ़ें 1

64 शिक्षक सम्मानित
64 शिक्षक सम्मानित

रायपुर | संवाददाताः छत्तीसगढ़ के स्कूलों में पदस्थ उत्कृष्ट कार्य करने वाले 64 शिक्षकों को आज राज्य स्तरीय सम्मान प्रदान किया गया. शिक्षक दिवस के अवसर पर राजभवन में आयोजित समारोह में राज्यपाल रमेन डेका और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने इन शिक्षकों के साथ इस अवसर पर तस्वीरें खिंचवाई.


स्कूल शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव ने राज्य शिक्षक सम्मान वर्ष 2025 के लिए चयनित 64 शिक्षकों के नामों की भी घोषणा की.

विज्ञापन


मुख्य अतिथि राज्यपाल रमेन डेका ने कहा कि शिक्षा मानव के सर्वांगीण विकास का सशक्त माध्यम है. एक शिक्षक अपने विद्यार्थियों के लिए हमेशा रोल मॉडल होता है. 


उन्होंने कहा कि शिक्षक विद्यार्थियों के जीवन के प्रेरणास्रोत होते हैं. उनके विकास में शिक्षकों की बहुत बड़ी भूमिका है. आज का जीवन सरल नहीं है. गिरकर खड़े होना और जीवन की चुनौतियों का सामना कैसे किया जाए यह विद्यार्थियों को सिखाना चाहिए. उन्होंने प्राचीन भारत की गुरूकुल परंपरा को श्रेष्ठ बताया.


उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 एक गेम चेन्जर है. इस नीति के अनुरूप बच्चों को शिक्षा मिले यह शिक्षकों की जिम्मेदारी है. नवाचारी शिक्षा अपने आप में एक मिसाल है. 


मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि शिक्षक ही सच्चे राष्ट्र निर्माता होते हैं. शिक्षा विकास का मूलमंत्र है और इसके बिना जीवन अधूरा है. 


उन्होंने कहा कि सरकार का संकल्प है कि हर बच्चे को आसानी से शिक्षा उपलब्ध हो. इसी दृष्टि से प्रत्येक 1 किलोमीटर पर प्राथमिक विद्यालय, 3 से 4 किलोमीटर पर माध्यमिक विद्यालय, 6 से 7 किलोमीटर पर हाई स्कूल, 8 से 10 किलोमीटर पर हायर सेकेंडरी विद्यालय और प्रत्येक विकासखंड में महाविद्यालय खोले जा रहे हैं. 


राज्यस्तरीय समारोह में चार उत्कृष्ट शिक्षकों में सूरजपुर जिले के अजय कुमार चतुर्वेदी को डॉ. पदुमलाल पुन्नालाल बख्शी स्मृति पुरस्कार, कबीरधाम जिले के रमेश कुमार चंद्रवंशी को गजानन माधव मुक्तिबोध स्मृति पुरस्कार, सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले की सुनीता यादव को डॉ. मुकुटधर पाण्डेय स्मृति पुरस्कार और रायगढ़ जिले के भोजराम पटेल को डॉ. बलदेव प्रसाद मिश्र स्मृति पुरस्कार से सम्मानित किया गया.


इसी तरह प्रधान पाठक, व्याख्याता, व्याख्याता एल.बी., शिक्षक एल.बी., सहायक शिक्षक, सहायक शिक्षक एल.बी वर्ग के 64 उत्कृष्ट शिक्षकों को सम्मानित किया गया.

शुभांशु शुक्ला ने साझा किए अंतरिक्ष यात्रा के अनुभव

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आज शिक्षक दिवस के विशेष अवसर पर मुख्यमंत्री निवास परिसर से स्कूली बच्चों में अंतरिक्ष विज्ञान के प्रति जागरूकता के लिए मिशन अंतरिक्ष और प्रोजेक्ट जय विज्ञान अभियान का शुभारंभ किया. 


इस दौरान जिला प्रशासन रायपुर और इग्नाइटिंग ड्रीम्स ऑफ यंग माइंड फाउंडेशन तथा जिला प्रशासन रायपुर और विज्ञान भारती के मध्य दो महत्वपूर्ण समझौते हुए, जिनसे बच्चों को अंतरिक्ष से जुड़े विषयों की महत्वपूर्ण जानकारी प्राप्त होगी.


कार्यक्रम में ऑनलाइन शामिल होकर अंतरिक्ष यात्री ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला ने कहा कि देश ने जो अवसर उन्हें प्रदान किया है, उसे आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाना उनकी जिम्मेदारी है.


उन्होंने कहा कि जब प्रदेश में विज्ञान और शिक्षा से जुड़े आयोजन होते हैं तो इसका सकारात्मक प्रभाव पूरे प्रदेश पर पड़ता है. बच्चों के भीतर नई ऊंचाइयों तक पहुंचने की प्रेरणा उत्पन्न होती है.


गोंडी अनुवादक ऐप ‘आदि वाणी’ लॉन्च

मुख्यमंत्री ने ‘आदि वाणी’ परियोजना के अंतर्गत गोंडी भाषा अनुवादक मोबाइल ऐप के सफल लॉन्च पर ट्रिपल आई टी नया रायपुर के निदेशक प्रोफेसर ओमप्रकाश व्यास एवं उनकी टीम को हार्दिक दी.


प्रोफेसर व्यास ने मुख्यमंत्री को बताया कि इस परियोजना में गोंडी भाषा के लिए टेक्स्ट-टू-स्पीच एवं अनुवाद प्रणाली विकसित की गई है. इसके माध्यम से गोंडी से हिंदी और अंग्रेज़ी तथा इसके विपरीत अनुवाद संभव होगा. यह सुविधा अब मोबाइल ऐप के रूप में भी उपलब्ध है, जिससे आम नागरिक इसे आसानी से उपयोग कर सकेंगे.


उन्होंने अवगत कराया कि इस परियोजना में ट्रिपल आई टी नया रायपुर के साथ-साथ आईआईटी दिल्ली, आईआईटी हैदराबाद और बिट्स पिलानी जैसे देश के प्रतिष्ठित संस्थान भी सहभागी हैं. ‘आदि वाणी’ परियोजना को भारत सरकार के जनजातीय कार्य मंत्रालय द्वारा प्रायोजित किया गया है..

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP