शनि, 17 अक्टू. 2026

CGKhabar

महासमुंद में रेस्क्यू कराए गए 6 मासूम बाल श्रमिक

C

CG Khabar

22 जून 2026, 01:10 AM 2 मिनट में पढ़ें 2

बाल श्रमिक
बाल श्रमिक

महासमुंद । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले से बाल तस्करी और बाल श्रम का एक बड़ा मामला सामने आया है. यहां तुमगांव थाना क्षेत्र में एक बैंड पार्टी द्वारा पिकअप वाहन में भरकर ले जाए जा रहे छह नाबालिग बच्चों को सुरक्षित रेस्क्यू किया गया है. 


यह त्वरित कार्रवाई छत्तीसगढ़ राज्य बाल अधिकार संरक्षण आयोग की अध्यक्ष वर्णिका शर्मा की तत्परता और हस्तक्षेप के कारण संभव हो सकी.


मिली जानकारी के अनुसार, आयोग की अध्यक्ष वर्णिका शर्मा शनिवार को महासमुंद के दौरे पर थीं. इसी दौरान रास्ते में उन्होंने एक संदिग्ध पिकअप वाहन को देखा, जिसमें एक म्यूजिकल बैंड पार्टी के सदस्यों के साथ छह मासूम बच्चे भी सवार थे. 


अंदेशा होने पर उन्होंने तुरंत वाहन को रुकवाया और खुद करीब 45 मिनट तक मौके पर मौजूद रहीं.


मामले की गंभीरता को देखते हुए अध्यक्ष वर्णिका शर्मा ने तत्काल स्पेशल जुवेनाइल पुलिस यूनिट (SJPU), जिला कार्यक्रम अधिकारी (DPO) और जिला बाल संरक्षण अधिकारी (DCPO) को मौके पर पहुंचने और बच्चों को रेस्क्यू करने के निर्देश दिए. अधिकारियों की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सभी छह बच्चों को मुक्त कराया और उन्हें तुमगांव थाने लेकर आई.


इस मामले में आयोग की अध्यक्ष ने सख्त रुख अपनाते हुए बच्चों को अवैध रूप से ले जा रही बैंड पार्टी और पिकअप चालक के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई करने के आदेश जारी किए हैं. 

इसके साथ ही उन्होंने बाल संरक्षण अधिकारियों और चाइल्डलाइन की टीमों को निर्देशित किया है कि वे संवेदनशील इलाकों की लगातार निगरानी और नियमित निरीक्षण करें ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके. उन्होंने दोटूक शब्दों में कहा कि बाल श्रम और बच्चों के अधिकारों के मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी.


इस पूरे घटनाक्रम पर आयोग ने कड़ा संज्ञान लिया है. बाल अधिकार संरक्षण आयोग नियम, 2005 की धारा 13 और 14 के तहत इस मामले पर औपचारिक कार्रवाई की जा रही है. अध्यक्ष वर्णिका शर्मा ने दोहराया कि आयोग पूरे प्रदेश में बाल श्रम को खत्म करने और बच्चों के अधिकारों की रक्षा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP