सोम, 19 अक्टू. 2026

CGKhabar

ओडिशा से लाया जा रहा 40 किलो गांजा जब्त, 4 तस्कर गिरफ्तार

C

CG Khabar

14 सित. 2026, 01:58 PM 2 मिनट में पढ़ें 4

गिरफ्तार
गिरफ्तार

रायगढ़ । संवाददाता: रायगढ़ और सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले में नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार पर लगाम लगाने के लिए पुलिस और एएनटीएफ (ANTF) की संयुक्त टीम ने एक बड़े तस्करी रैकेट का पर्दाफाश किया है. गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने ग्राम गाताडीह-गोपालपुर मार्ग पर ऑटो पार्ट्स दुकान के पास रणनीतिक घेराबंदी कर ओडिशा से पामगढ़ की ओर जा रहे तस्करों को दबोच लिया. 

तलाशी के दौरान तस्करों के पास मौजूद होंडा सिटी कार से 40 पैकेटों में छिपाकर रखा गया 40 किलो अवैध गांजा बरामद हुआ.

विज्ञापन


इस कार्रवाई में पुलिस ने कुल 28 लाख 60 हजार रुपये मूल्य की संपत्ति जब्त की है, जिसमें गांजे के अलावा एक लग्जरी कार, एक मोटरसाइकिल और तीन मोबाइल फोन शामिल हैं. 


गिरफ्तार किए गए आरोपियों में बालांव निवासी टुकेश्वर यादव (22 वर्ष) और मुड़पार निवासी गणेश राम यादव (21 वर्ष) शामिल हैं, जो कार में गांजा लेकर यात्रा कर रहे थे. 


वहीं, बारगांव निवासी भावेश साहू और विनोद यादव कार के आगे मोटरसाइकिल से पायलेटिंग कर रहे थे ताकि रास्ते में पुलिस की लोकेशन की जानकारी अपने साथियों को दे सकें. पुलिस ने चारों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उन्हें अदालत में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया है.


सारंगढ़-बिलाईगढ़ पुलिस द्वारा पिछले 24 घंटों के भीतर नशे के खिलाफ चलाए गए इस व्यापक अभियान के दौरान सरिया और सरसीवां थाना क्षेत्रों में भी अलग-अलग कार्रवाइयां की गईं. 


इन दोनों मामलों में पुलिस ने 7 अन्य आरोपियों को गिरफ्तार करते हुए 50.761 किलो गांजा, दो कारें, एक मोटरसाइकिल और पांच मोबाइल फोन जब्त किए. इस पूरे 24 घंटे के अभियान के दौरान पुलिस ने कुल 36 लाख 49 हजार रुपये की अवैध संपत्ति और तस्करी में इस्तेमाल वाहन जब्त कर नशा तस्करों के नेटवर्क को बड़ा झटका दिया है.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP