कार की टक्कर से 4 दोस्तों की मौत
कार की ठोकर से 4 दोस्तों की मौत हो गई
पेंड्रा | संवाददाताः छत्तीसगढ़ के गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले में भीषण सड़क हादसा हुआ है. शराब के नशे में धुत्त कार चालक ने 2 बाइक पर सवार 4 दोस्तों को टक्कर मार दी.
इस हादसे में तीन युवकों सहित एक युवती की मौत हो गई. कार चालक को भी मामूली चोट आई है, जिसका इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है. पुलिस के मुताबिक घटना पेंड्रा थाना क्षेत्र के मझगवां गांव की है.
बताया गया कि मरवाही की ओर जा रही तेज रफ्तार कार के चालक स्नेहिल गुपा नशे में धुत्त था. वह काफी तेज गति से और लापरवाहीपूर्वक गाड़ी चला रहा था. इसी दौरान मरवाही से अपने दोस्त की जन्मदिन की पार्टी मनाकर लौट रहे 4 दोस्तों को अपनी चपेट में लिया.
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दो बाइक में सवार चारों लोग सड़क से दूर जा गिरे. इसके बाद कार एक पेड़ से जा टकराई.
हादसे में बाइक सवार गंगाराम गंधर्व, निवासी गिरारी, रामावतार गोंड निवासी कुदरी और भूपेंद्र गोंड निवासी बरघाट की मौके पर ही मौत हो गई.
वहीं युवती गंभीर रूप से घायल हो गई. वहीं कार चालक भी वाहन के अंदर ही फंस गया.
राहगीरों ने घटना की सूचना पुलिस को दी. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दर्द से तड़प रही युवती और कार चालक को तत्काल जिला अस्पताल लेकर पहुंचे.
जहां प्राथमिक उपचार के बाद युवती को बिलासपुर रेफर किया गया, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले की रास्ते में उसने दम तोड़ दिया.