डोनाल्ड ट्रंप के दूसरे कार्यकाल में अब तक 3 लाख अमेरिकी वीजा रद्द
डोनाल्ड ट्रंप प्रशासन ने अपने सख्त इमिग्रेशन अभियानों के तहत 3 लाख से अधिक अमेरिकी वीजा रद्द कर दिए हैं. राष्ट्रीय सुरक्षा, धोखाधड़ी और प्रदर्शनों में शामिल विदेशी नागरिकों पर अमेरिका की इस त्वरित कार्रवाई से दुनिया भर में चर्चा छिड़ गई है.
वाशिंगटन । डेस्क: अमेरिका में डोनाल्ड ट्रंप प्रशासन ने देश में जारी सख्त इमिग्रेशन अभियानों के बीच अपने दूसरे कार्यकाल के दौरान अब तक 3,00000 (3 लाख) से अधिक अमेरिकी वीजा रद्द कर दिए हैं. अमेरिकी विदेश विभाग ने हाल ही में इसकी आधिकारिक पुष्टि की है. यह आंकड़ा दर्शाता है कि हाल के हफ्तों में वीजा रद्द करने की गति में भारी तेजी आई है.
इससे पहले अगस्त 2026 में जारी किए गए आंकड़ों के अनुसार जनवरी 2025 से अगस्त तक रद्द किए गए वीजा की संख्या 1,75,000 थी, जो अब बढ़कर 3 लाख के पार पहुंच गई है.
विदेश विभाग के प्रवक्ता टॉमी पिगॉट ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'X' पर जानकारी देते हुए कहा कि ट्रंप प्रशासन ने इतिहास में किसी भी अन्य अमेरिकी प्रशासन की तुलना में सबसे तेजी से और सबसे अधिक वीजा रद्द किए हैं. उन्होंने स्पष्ट किया कि जो विदेशी नागरिक कानून तोड़ते हैं, धोखाधड़ी करते हैं या राष्ट्रीय सुरक्षा को खतरे में डालते हैं, उनके प्रति सरकार 'जीरो टॉलरेंस' की नीति अपना रही है.
राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का कहना है कि इन सख्त कदमों और निर्वासन अभियानों का मुख्य उद्देश्य अमेरिका की आंतरिक सुरक्षा को मजबूत करना है.
दूसरी ओर, मानवाधिकार कार्यकर्ताओं और नागरिक अधिकार संगठनों ने इस कार्रवाई की कड़ी आलोचना की है. मानवाधिकार समूहों का कहना है कि इस कार्रवाई से निष्पक्ष कानूनी प्रक्रिया और अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता का उल्लंघन हो रहा है.
विशेष रूप से इजरायल-गजा संघर्ष के विरोध में प्रदर्शन करने वाले विदेशी छात्रों और सोशल मीडिया पर राजनीतिक टिप्पणियां करने वाले विदेशी नागरिकों के वीजा रद्द किए जाने पर गहरा विरोध जताया गया है.
इसके अतिरिक्त, प्रशासन ने नए वीजा आवेदकों के सोशल मीडिया खातों की जांच भी काफी कड़ी कर दी है, जिससे कानूनी रूप से अमेरिका आने वाले लोगों के लिए भी राह कठिन हो गई है.