रायगढ़ श्याम मंदिर में 25 लाख की चोरी
रायगढ़ | संवाददाताः छत्तीसगढ़ के रायगढ़ में बीती रात को श्याम मंदिर में चोरों ने धावा बोला और लाखों का सामान ले उड़े. चोरों ने मंदिर का ताला तोड़कर भगवान पर चढ़ा सोने का मुकुट, हार, श्रृंगार के गहने और 2 दानपेटी से नगद पार कर दिया है.
घटना की जानकारी आज सुबह मिली, जब पुजारी ने दरवाजा खोला. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और डॉग स्क्वाड के साथ छानबीन शुरू कर दी है.
इस दौरान पुलिस के हाथ एक वीडियो भी लगी है, जिसमें चोर सफेद रंग की प्लास्टिक ओढ़कर मंदिर के अंदर प्रदेश करने के बाद ताला तोड़ता हुआ दिखाई दे रहा है.
रायगढ़ डीएसपी सुशांतो बनर्जी ने बताया कि मंदिर से मुकुट और श्रृंगार के अन्य जेवरात समेत 25 लाख की चोरी हुई है. अलग-अलग टीम बनाकर मामले की जांच की जा रही है. कुछ संदेहियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है.
सोमवार सुबह रोज की तरह पुजारी और कुछ श्रद्धालु पूजा अर्चना करने मंदिर पहुंचे तो मुख्य गेट का ताला टूटा हुआ था.
अंदर जाने पर दो-तीन ताला और टूटे हुए थे. मंदिर के अंदर श्याम भगवान पर चढ़ा सोने मुकुट, हार और तीन सोने के छत्र गायब थे. साथ ही 2 दान पेटी भी नहीं थे.
चोरी गए सोने की कीमत करीब 23 लाख रुपए आंकी गई है. वहीं दानपेटी में 2 लाख से अधिक कैश होने संभावना व्यक्त की जा रही है.
मंदिर के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे में चोरी की यह पूरी घटना कैद हो गई है.
सीसीटीवी कैमरे फुटेज में साफ देखा जा सकता है कि अज्ञात चोर के द्वारा देर रात मंदिर में घुसकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया है.
पुलिस आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है. फिलहाल, पुलिस कुछ संदेहियों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है.