सोम, 19 अक्टू. 2026

CGKhabar

17 वर्षीय नाबालिग के प्रेम निवेदन से परेशान 21 वर्षीय कॉलेज छात्रा में पिया जहर

C

CG Khabar

09 सित. 2026, 01:49 PM 2 मिनट में पढ़ें 2

जहर पीना
जहर पीना

कोरबा । संवाददाता: एक 21 वर्षीय होनहार कॉलेज छात्रा ने एक 17 वर्षीय नाबालिग किशोर की लगातार प्रताड़ना, एकतरफा प्रेम और मिलने के दबाव से तंग आकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली. ज़हरीला पदार्थ खाने के बाद उसे गंभीर हालत में मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहाँ तीन दिनों तक चले इलाज के बाद उसने दम तोड़ दिया. घटना के बाद पीड़िता के परिवार में मातम पसरा हुआ है, वहीं पुलिस ने परिजनों के बयानों के आधार पर मामले की गहनता से जाँच शुरू कर दी है.


कोरबा सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी के अनुसार, मेडिकल कॉलेज अस्पताल से मिले मेमो के आधार पर पुलिस चौकी में परिजनों के आधिकारिक बयान दर्ज किए गए हैं. घटना पाली थाना क्षेत्र की है. 

विज्ञापन


परिजनों का आरोप है कि उन्होंने आरोपी किशोर की शिकायत पहले ही ज़बानी तौर पर पुलिस से की थी, लेकिन समय रहते कोई सख्त कदम नहीं उठाया गया. परिवार का कहना है कि अगर समय पर ठोस कार्रवाई हो जाती, तो छात्रा की जान बचाई जा सकती थी.


मृतका अपने पिता के निधन के बाद गाँव में अपनी माँ के साथ रहती थी, जबकि उसके दो भाई काम के सिलसिले में बाहर रहते हैं. परिजनों ने बताया कि लड़की पढ़ाई में बहुत होशियार थी, लेकिन गाँव का ही एक नाबालिग लड़का रोज़ कॉलेज आते-जाते समय उसका पीछा करता था. 


वह बीच राह में रोककर उस पर मिलने का दबाव बनाता था और उसके परिवार के सदस्यों के नाम सुसाइड नोट लिखकर खुदकुशी करने की धमकियाँ भी देता था. परिवार ने किशोर को बुलाकर समझाने की कोशिश भी की थी, पर उसकी हरकतों में कोई बदलाव नहीं आया.


इसी मानसिक तनाव और निरंतर उत्पीड़न से तंग आकर छात्रा ने 3 सितंबर को खौफनाक कदम उठाते हुए ज़हर खा लिया. तबीयत बिगड़ने पर उसे तुरंत पाली सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहाँ से डॉक्टरों ने उसकी नाजुक हालत को देखते हुए मेडिकल कॉलेज अस्पताल रैफर कर दिया. तीन दिनों तक ज़िंदगी और मौत के बीच जूझने के बाद आखिरकार इलाज के दौरान छात्रा ने दम तोड़ दिया.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP