सोम, 19 अक्टू. 2026

CGKhabar

बलौदा में 1000 लीटर अवैध डीजल जब्त, तीन आरोपी गिरफ्तार

C

CG Khabar

01 अक्टू. 2026, 03:31 AM 2 मिनट में पढ़ें 2

आरोपी गिरफ्तार- बलौदा
आरोपी गिरफ्तार- बलौदा

जांजगीर । संवाददाता: जांजगीर-चांपा जिले की बलौदा-अकलतरा पुलिस ने कटरा जंगल के पास घेराबंदी कर अवैध डीजल की बड़ी खेप बरामद की है. गुप्त सूचना के आधार पर एसडीओपी अकलतरा डॉ. मेखलेंद्र प्रताप के नेतृत्व में की गई इस कार्रवाई में पुलिस ने एक पिकअप वाहन के भीतर बने लोहे के टैंकर से लगभग 1,000 लीटर अवैध डीजल जब्त किया. 


मौके से तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है, जिन्हें अदालत में पेश कर दिया गया है. जब्त किए गए डीजल और वाहनों का कुल मूल्य करीब 15 लाख रुपये आंका गया है.

विज्ञापन


पुलिस के अनुसार, उन्हें जानकारी मिली थी कि एक पिकअप (CG-15-DL-6268) में लोहे के टैंकर में डीजल छुपाकर हरदीबाजार मार्ग की ओर ले जाया जा रहा है, जिसकी रेकी आगे चल रही एक अर्टिगा कार (CG-10-AD-8114) कर रही थी. सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने कटरा जंगल में नाकाबंदी कर वाहनों को रोक लिया. 


तलाशी लेने पर पिकअप से करीब 1 लाख रुपये मूल्य का 1,000 लीटर डीजल मिला. पुलिस ने टैंकर में भरे डीजल को पिकअप सहित सील कर अपने कब्जे में ले लिया है.


वाहन में सवार आरोपियों-नरेश कुमार भारती, भीमसिंह गोंड और रामनरेश प्रजापति-से जब डीजल के परिवहन संबंधी दस्तावेज मांगे गए, तो वे कोई भी वैध कागजात प्रस्तुत नहीं कर सके. 


इसके बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए भीमसिंह गोंड के पास से पिकअप और डीजल तथा नरेश कुमार भारती के पास से करीब 9 लाख रुपये मूल्य की अर्टिगा कार को जब्त कर लिया. तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर वैधानिक कार्रवाई के तहत न्यायालय भेज दिया गया है.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP