वैभव सूर्यवंशी की बदौलत भारत अंडर-19 वनडे विश्व कप चैंपियन
हरारे । डेस्क: 14 वर्षीय क्रिकेट प्रतिभा वैभव सूर्यवंशी के ऐतिहासिक शतक और रिकॉर्डतोड़ पारी के दम पर भारत ने अंडर-19 वनडे विश्व कप का खिताब जीत लिया. फाइनल मुकाबले में भारत ने इंग्लैंड को 100 रनों से हराकर छठी बार ट्रॉफी पर कब्जा जमाया.
फाइनल में बाएं हाथ के ओपनर वैभव सूर्यवंशी ने मात्र 80 गेंदों में 175 रनों की विस्फोटक पारी खेली. इस दौरान उन्होंने 15 चौके और 15 छक्के लगाए. खास बात यह रही कि वैभव ने अपने आखिरी 151 रन सिर्फ 56 गेंदों में पूरे किए. उनकी इस पारी के दम पर भारत ने 50 ओवर में 9 विकेट पर 411 रन बनाए.
लक्ष्य का पीछा करते हुए इंग्लैंड की टीम ने संघर्षपूर्ण शुरुआत की. बेन डॉकिन्स ने 66 रन बनाए, जबकि मिडिल ऑर्डर बल्लेबाज कालेब फाल्कनर ने 67 गेंदों पर 115 रनों की शानदार पारी खेली. हालांकि फाल्कनर आखिरी विकेट के रूप में आउट हुए और इंग्लैंड की पूरी टीम 40.2 ओवर में 311 रन पर सिमट गई.
वैभव सूर्यवंशी को फाइनल में प्लेयर ऑफ द मैच और पूरे टूर्नामेंट में प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट चुना गया. उन्होंने सात पारियों में 439 रन बनाए, उनका औसत 62.71 रहा.
मैच के बाद वैभव ने कहा, “मुझे अपने खेल पर भरोसा था कि बड़े मैच में योगदान दे सकता हूं और आज वह भरोसा सच साबित हुआ.”
गौरतलब है कि वैभव सूर्यवंशी पहले ही आईपीएल में सबसे कम उम्र में शतक लगाने वाले खिलाड़ी बन चुके हैं. 2024 में उन्होंने 13 साल की उम्र में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ अंडर-19 डेब्यू मैच में 58 गेंदों में शतक लगाकर सुर्खियां बटोरी थीं.
इसके बाद आईपीएल में राजस्थान रॉयल्स के लिए खेलते हुए उन्होंने डेब्यू की पहली ही गेंद पर छक्का जड़ा और 35 गेंदों में शतक लगाकर क्रिस गेल के बाद टूर्नामेंट का दूसरा सबसे तेज शतक बनाया.
भारत की इस जीत के साथ युवा क्रिकेट में उसकी बादशाहत एक बार फिर साबित हो गई.