कोरबा: तालाब में नहाने उतरीं 3 सहेलियां, डूबने से तीनों की मौत
कोरबा । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में पाली थाना क्षेत्र के नुनेरा गांव में पानी में डूबने से तीन मासूम बच्चियों की अकाल मौत हो गई. मृतकों की पहचान 7 वर्षीया इंदु अगरिया, 8 वर्षीया राखी और 8 वर्षीया साधना के रूप में हुई है. तीनों बच्चियां गांव के ही किसान परिवारों से थीं और पहली कक्षा में एक साथ पढ़ती थीं.
गुरुवार को जब उनके परिजन काम पर गए हुए थे, तब तीनों सहेलियां स्कूल जाने के बजाय गांव के तालाब में नहाने चली गईं, जहां गहराई का अंदाजा न होने के कारण यह हादसा हो गया.
इस दुखद घटना का खुलासा तब हुआ जब शाम को काम से लौटने पर परिजनों ने बच्चियों को घर पर गायब पाया. काफी खोजबीन के बाद जब ग्रामीण तालाब के किनारे पहुंचे, तो वहां मेड़ पर बच्चियों के कपड़े और चप्पलें रखी मिलीं.
वहीं पानी की सतह पर एक बच्ची का शव तैरता नजर आया, जिसके बाद हड़कंप मच गया. घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से गोताखोरी कर काफी मशक्कत के बाद बाकी दोनों बच्चियों के शवों को भी पानी से बाहर निकाला.
प्रारंभिक आशंका जताई जा रही है कि नहाने के दौरान एक सहेली को पानी में डूबता देख, बाकी दोनों बच्चियों ने उसे बचाने का प्रयास किया होगा और इसी कोशिश में तीनों गहराई में समा गईं.
पुलिस ने सभी शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा तैयार किया और उन्हें पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है. पाली थाना प्रभारी मनोज कौशिक के अनुसार, मर्ग कायम कर मामले की विस्तृत जांच की जा रही है. इस हृदय विदारक घटना के बाद से पूरे नुनेरा गांव में मातम पसरा हुआ है.