काजल की बेटी न्यासा करेंगी बॉलीवुड में डेब्यू?
मुंबई । मनोरंजन डेस्क: बॉलीवुड में स्टार किड्स को लॉन्च करने के लिए मशहूर करण जौहर ने एक बार फिर सुर्खियां बटोरी हैं. इस बार चर्चा है काजल और अजय देवगन की बेटी न्यासा देवगन को लेकर. हाल ही में एक साक्षात्कार में काजल ने खुलासा किया कि करण जौहर ने न्यासा को बॉलीवुड में लॉन्च करने में रुचि दिखाई थी.
हालांकि, काजल ने स्पष्ट किया कि न्यासा का अभी अभिनय में करियर बनाने का कोई इरादा नहीं है. काजल ने कहा, “हां, एक-दो बार फोन आए थे. लेकिन न्यासा अभी अपने जीवन के बारे में खुद फैसला करेगी, और हम उनके हर कदम पर उनके साथ हैं.”
काजल ने यह भी बताया कि वह और अजय अपनी बेटी न्यासा और बेटे युग को न केवल माता-पिता के रूप में प्यार करते हैं, बल्कि उनकी स्मार्ट पर्सनैलिटी और हास्य बोध के कारण उन्हें एक व्यक्ति के रूप में भी पसंद करते हैं. काजल ने जोर देकर कहा कि वह अपने बच्चों पर भविष्य को लेकर कोई दबाव नहीं डालना चाहतीं.
उन्होंने कहा, “मैंने उन्हें सही फैसले लेने के लिए तैयार किया है. अब उन्हें अपने पंख फैलाने का मौका देना होगा.”
हालांकि न्यासा के बॉलीवुड डेब्यू की अफवाहें चल रही हैं, लेकिन वह फिलहाल अपनी पढ़ाई पर ध्यान दे रही हैं. इस साल उन्होंने स्विट्जरलैंड के ग्लिओन इंस्टीट्यूट ऑफ हायर एजुकेशन से ग्रेजुएशन पूरा किया है. इस खास मौके पर पूरा देवगन परिवार मौजूद था, और काजल ने एक भावुक वीडियो शेयर करते हुए लिखा, “यह बहुत खास पल है… मैं बहुत गर्व और भावुक हूं.”
दूसरी ओर, अजय और काजल का बेटा युग भी हाल ही में चर्चा में रहा. 15 साल के युग ने हॉलीवुड फिल्म ‘द कराटे किड’ के हिंदी डब वर्जन में अपनी आवाज दी है. फिल्म में जैकी चैन के किरदार को अजय देवगन ने डब किया, जबकि नए कराटे किड ली फॉन्ग के लिए युग ने आवाज दी.