पुरुषों के सामने बेवकूफ बनने का नाटक करती हूं: जान्हवी कपूर
मुंबई । डेस्क: अभिनेत्री जान्हवी कपूर ने हाल ही में ट्विंकल खन्ना और काजोल के शो में आकर बॉलीवुड इंडस्ट्री के एक अप्रत्याशित पहलू पर खुलकर बात की. उन्होंने खुलासा किया कि वह अक्सर 'पुरुष-प्रधान' इंडस्ट्री में टिके रहने और पुरुषों के 'अहंकार' को ठेस न पहुंचाने के लिए जानबूझकर बेवकूफ बनने का नाटक करती हैं.
ट्विंकल खन्ना और काजोल के चैट शो में बातचीत के दौरान, जान्हवी कपूर ने बताया कि कैसे उन्हें कुछ परिस्थितियों में अपनी राय को दबाना पड़ा है.
उन्होंने कहा, "मैं जानती हूं कि मैं एक विशेषाधिकार प्राप्त जगह से आई हूं. हाल ही में मैंने एक बात नोटिस की है. अब मैं एक कमरे में बैठकर वह कह सकती हूं जो मैं चाहती हूं. लेकिन एक समय ऐसा था जब मुझे खुद को बेवकूफ बनाकर रखना पड़ता था, ताकि पुरुषों को असहज महसूस न हो."
जान्हवी की यह बात सुनकर ट्विंकल खन्ना ने भी स्वीकार किया कि उन्होंने भी अपने करियर की शुरुआत में इसी तरह की रणनीति अपनाई थी.
जान्हवी ने आगे बताया कि वह आज भी कुछ मामलों में किसी सीन के नापसंद होने पर सीधे तौर पर नहीं कह पाती हैं. इसके बजाय, वह अपनी अक्षमता का प्रदर्शन करते हुए कहती हैं, "मैं ठीक से समझ नहीं पा रही हूं."
अभिनेत्री ने अपनी बात स्पष्ट करते हुए कहा, "मैं अभी भी यह लड़ाई लड़ रही हूं. 10 अच्छी बातें कहने के बाद मुझे यह ढोंग करना पड़ता है कि जैसे मैं ही समझ नहीं पाई या मेरे में उस दृश्य को करने की योग्यता नहीं है. लेकिन असली कारण यह होता है कि मैं उस सीन में अभिनय करना ही नहीं चाहती. मैं 'दृश्य एकदम बकवास है'- यह नहीं कह सकती. इसके बजाय मैं कहती हूं, 'मैं ही समझ नहीं पा रही हूं'."
गौरतलब है कि जान्हवी कपूर ने हाल के दिनों में कई फिल्मों में काम किया है. उनकी फिल्में 'सनी संस्कारी की तुलसी कुमारी' और 'परम सुंदरी' हाल ही में रिलीज़ हुई हैं.