बेमेतरा में किसान की पीट-पीटकर हत्या, आरोपी पिता-पुत्र गिरफ्तार
बेमेतरा । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के बेमेतरा जिले में खेत की घेराबंदी और आपसी रंजिश के चलते एक किसान को अपनी जान गंवानी पड़ी. नवागढ़ थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम मुरकुटा में सोमवार सुबह भड़के इस खूनी संघर्ष में एक पड़ोसी पिता-पुत्र ने लाठियों से हमला कर अधेड़ किसान की बेरहमी से हत्या कर दी. घटना की सूचना मिलते ही सक्रिय हुई पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए कुछ ही घंटों के भीतर दोनों नामजद आरोपियों को दबोच लिया और उन्हें कोर्ट में पेश कर दिया है.
पुलिस के मुताबिक, इस हिंसक वारदात की पृष्ठभूमि में खेतों का पुराना सीमा विवाद और आवाजाही की समस्या थी. ग्राम मुरकुटा से साल्हेघोरी मार्ग पर स्थित दोनों परिवारों के खेत आपस में जुड़े हुए हैं. मृतक विद्यासागर नवरंग (57) ने अपने खेत की सुरक्षा के लिए चारों तरफ कटीले तार लगा दिए थे, जिससे पड़ोसी गेंदलाल नवरंग को अपने खेत तक आने-जाने में काफी दिक्कतें हो रही थीं. इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में लंबे समय से तनातनी चल रही थी, जो सोमवार को चरम पर पहुंच गई.
वारदात उस वक्त हुई जब सोमवार सुबह करीब 6:30 बजे विद्यासागर नवरंग अपने घर के बाहर गली में अकेले खड़े थे. तभी पुरानी दुश्मनी को लेकर घात लगाए बैठे पड़ोसी गेंदलाल नवरंग और उसके बेटे शशीकांत उर्फ सुशील नवरंग ने उन पर डंडों से अचानक धावा बोल दिया.
आरोपियों ने विद्यासागर के सिर और शरीर पर ताबड़तोड़ कई जानलेवा प्रहार किए, जिससे अत्यधिक चोट आने के कारण उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया. मृतक के बेटे अमरकांत नवरंग (40) की शिकायत पर नवागढ़ पुलिस ने मामला दर्ज कर तत्काल कार्रवाई की और आरोपियों को सलाखों के पीछे पहुंचा दिया.