धमतरी: एंबुलेंस और ट्रैक्टर-ट्रॉली की टक्कर में नर्स की मौत, तीन घायल
धमतरी । डेस्क: छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले से गुजरने वाले राष्ट्रीय राजमार्ग-30 पर गुरुवार तड़के एक सड़क दुर्घटना में महारानी अस्पताल की नर्स शबनम खान की जान चली गई, जबकि तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. हादसा उस वक्त हुआ जब रायपुर से जगदलपुर लौट रही एक तेज रफ्तार एंबुलेंस संबलपुर के पास अनियंत्रित होकर पहले डिवाइडर से टकराई और फिर सामने जा रही ट्रैक्टर-ट्रॉली में जा घुसी.
भीषण टक्कर के चलते 35 वर्षीय नर्स ने मौके पर ही दम तोड़ दिया.
घटना की जानकारी मिलते ही अर्जुनी थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और स्थानीय सेवा समितियों की मदद से राहत-बचाव कार्य शुरू किया. पुलिस ने एंबुलेंस में फंसे शव को बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भिजवाया.
वहीं दुर्घटना में घायल हुए देवेंद्र खत्री, उनकी पत्नी उषा और बेटी मीनाक्षी को तुरंत 108 एंबुलेंस की मदद से जिला अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया गया है. फिलहाल पुलिस मामले की विस्तृत जांच में जुटी है.
यह पूरी त्रासदी एक परिवार के इलाज के सफर के दौरान घटी. जगदलपुर निवासी 72 वर्षीय राजेंद्र खत्री की तबीयत बिगड़ने पर परिजन बुधवार रात 'मां दंतेश्वरी एंबुलेंस' से उन्हें रायपुर के एसएमसी अस्पताल लेकर गए थे. हालांकि, अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने राजेंद्र खत्री को मृत घोषित कर दिया. इसके बाद परिजन, नर्स शबनम खान के साथ शव को लेकर वापस जगदलपुर के लिए रवाना हुए थे.
लोहंडीगुड़ा निवासी एंबुलेंस चालक अतुल बघेल के अनुसार, तड़के करीब साढ़े चार बजे रायपुर से निकलने के बाद सुबह छह-साढ़े छह बजे के आसपास संबलपुर के पास वाहन से नियंत्रण हट गया. तेज रफ्तार के कारण एंबुलेंस डिवाइडर से टकराते हुए आगे चल रहे वाहन में जा घुसी.