सीनियर महिला टी20 ट्रॉफी: छत्तीसगढ़ ने आंध्र प्रदेश को 9 रन से हराया
रायपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ ने सीनियर महिला टी20 ट्रॉफी 2025 एलीट ग्रुप में अपने अभियान की शुरुआत जीत के साथ की है. भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) द्वारा आयोजित इस टूर्नामेंट के उद्घाटन मैच में छत्तीसगढ़ ने ग्वालियर में खेले गए मुकाबले में आंध्र प्रदेश को 9 रन से शिकस्त दी.
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी छत्तीसगढ़ की टीम ने निर्धारित 20 ओवरों में 6 विकेट के नुकसान पर 110 रन बनाए. टीम के लिए ऐश्वर्या सिंह ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए नाबाद 36 रन की पारी खेली और पारी को संभाला.
उनके अलावा, कृति गुप्ता ने 20 और माहक नरवासे ने 18 रन का महत्वपूर्ण योगदान दिया. आंध्र प्रदेश की ओर से, सृष्टि शेखर ने दो विकेट लिए, जबकि शबनम और अनुषा को एक-एक सफलता मिली.
111 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए, आंध्र प्रदेश की टीम 20 ओवर में 7 विकेट खोकर केवल 101 रन ही बना सकी और लक्ष्य से 9 रन दूर रह गई. आंध्र प्रदेश के लिए स्नेहा दीपथी ने सर्वाधिक 41 रन बनाए, जबकि रंगा लक्ष्मी ने 27 रन जोड़े. हालांकि, छत्तीसगढ़ के गेंदबाजों ने पूरे मैच के दौरान अनुशासित गेंदबाजी करते हुए दबाव बनाए रखा.
छत्तीसगढ़ के लिए गेंदबाजी में अदिति पंवार ने सबसे आगे रहकर दो विकेट चटकाए, जबकि तरन्नुम पठान, प्रीति यादव और उर्मिला हरिणा ने भी एक-एक विकेट लेकर अपनी टीम की जीत सुनिश्चित की.