भिलाई में सड़क हादसों में 2 की मौत
दुर्ग । संवाददाता: भिलाई में बीती रात दो अलग-अलग सड़क दुर्घटनाओं में दो लोगों की जान चली गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गये.
पहला हादसा जामुल थाना क्षेत्र में हुआ, जहां एमपीईबी चौक के पास एक तेज रफ्तार कार ने बाइक को पीछे से टक्कर मार दी. इस हादसे में बाइक चला रहे जामुल निवासी करण सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए और अस्पताल पहुंचने पर उनकी मृत्यु हो गई.
बाइक पर पीछे बैठे उनके साथी को भी चोटें आईं और उसका इलाज चल रहा है.
दूसरी घटना स्मृति नगर चौकी क्षेत्र के कुरुद रोड पर इंदु आईटी स्कूल के पास रात करीब 9:30 बजे हुई. सीसीएम मेडिकल कॉलेज के एमबीबीएस द्वितीय वर्ष के छात्र सहान अली और उत्तम पांडेय स्कूटी से अवंतीबाई चौक की ओर जा रहे थे.
उसी समय सामने से तेज रफ्तार में आ रहे कुरुद निवासी रोहित बघेल और वासु ठाकुर की बाइक ने उनकी स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी.
इस भीषण हादसे में दोनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गये. सभी घायलों को शंकराचार्य अस्पताल ले जाया गया, जहां तालपुरी कॉलोनी निवासी सहान अली (24) की इलाज के दौरान मृत्यु हो गई.
उत्तम पांडेय की हालत गंभीर होने के कारण उन्हें रायपुर रेफर किया गया, जबकि बाइक सवार दोनों युवकों का इलाज जारी है.