कोरबा में मालगाड़ी की चपेट में आने से युवक का पैर कटा
कोरबा । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के कोरबा के सर्वमंगला फाटक के समीप रेलवे ट्रैक पार करने के दौरान एक युवक मालगाड़ी की चपेट में आ गया. इस दुर्घटना में युवक का दाहिना पैर शरीर से अलग हो गया है और उसकी हालत अत्यंत नाजुक बनी हुई है.
घायल युवक की पहचान बरमपुर क्षेत्र के निवासी के रूप में की गई है, जिसे उपचार के लिए तत्काल जिला मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुँचाया गया है.
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, युवक खदान की ओर से आने वाले रास्ते से पटरी पार करने की कोशिश कर रहा था, तभी वह तेज रफ्तार मालगाड़ी की जद में आ गया.
मौके पर तैनात गेटमैन ने जब लहूलुहान हालत में युवक को देखा, तो फौरन इसकी सूचना सर्वमंगला चौकी प्रभारी विभव तिवारी को दी.
सूचना मिलते ही पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुँची और मानवीय संवेदना दिखाते हुए चौकी प्रभारी ने बिना वक्त गंवाए घायल को अपने ही वाहन से अस्पताल पहुँचाया.
पुलिस के मुताबिक, अधिक खून बह जाने और गंभीर चोटों के कारण युवक फिलहाल कुछ भी बताने की स्थिति में नहीं है. पुलिस इस पहलू की भी जाँच कर रही है कि यह महज एक दुर्घटना थी या युवक ने आत्मघाती कदम उठाने की कोशिश की थी. परिजनों को घटना की जानकारी दे दी गई है और पुलिस मामले की विस्तृत छानबीन में जुटी है.