सोम, 19 अक्टू. 2026

CGKhabar

छत्तीसगढ़ में जाली नोटों का कारोबार, ओडिशा से संचालित

C

CG Khabar

06 सित. 2025, 03:30 PM 2 मिनट में पढ़ें 2

आरोपी
आरोपी

रायपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के कबीरधाम जिला पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए जाली नोटों के साथ एक व्यक्ति को हिरासत में लिया है. पकड़े गए आरोपी, भीखम चन्द्रवंशी, के पास से 500 रुपये के 15 जाली नोट बरामद किए गए हैं. पुलिस ने यह कार्रवाई दशरंगपुर चौकी के पास नाकेबंदी के दौरान की.


पूछताछ के दौरान आरोपी ने खुलासा किया कि जाली नोटों का यह कारोबार ओडिशा से संचालित हो रहा है. उसने बताया कि इस अवैध धंधे का जाल कबीरधाम जिले सहित पूरे छत्तीसगढ़ में फैला हुआ है. इस जानकारी के आधार पर पुलिस अब इस नेटवर्क के पीछे के मुख्य सरगनाओं तक पहुंचने की योजना बना रही है.

विज्ञापन


पुलिस को शनिवार तड़के एक गुप्त सूचना मिली थी कि बेमेतरा की ओर से कवर्धा की ओर आ रही एक लाल रंग की मोटरसाइकिल (नंबर CG 07 BM 8370) पर सवार व्यक्ति संदिग्ध गतिविधियों में लिप्त है. सूचना के आधार पर दशरंगपुर पुलिस चौकी के पास नाकेबंदी की गई. 


तलाशी के दौरान आरोपी की जेब से 500 रुपये के 15 जाली नोट मिले. आरोपी ने अपना नाम भीखम चन्द्रवंशी, निवासी मोहतरा, कबीरधाम बताया.


आरोपी को तुरंत हिरासत में लेकर थाने लाया गया, जहां गहन पूछताछ में उसने जाली नोटों के कारोबार के बारे में कई अहम जानकारियां दीं. 


पुलिस ने उसके पास से बरामद नोटों के साथ-साथ उसकी मोटरसाइकिल और मोबाइल फोन भी जब्त कर लिया है.


कबीरधाम पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि अगर किसी को जाली नोटों या किसी अन्य अवैध गतिविधि के बारे में जानकारी मिले, तो वे तुरंत नजदीकी पुलिस स्टेशन या संबंधित अधिकारियों को सूचित करें.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP