सोम, 19 अक्टू. 2026

CGKhabar

ओडिशा से गांजा लाकर बेचने वाले दुर्ग में पकड़ाए

C

CG Khabar

13 अप्रै. 2026, 02:16 AM 2 मिनट में पढ़ें 2

गांजा तस्कर गिरफ्तार-दुर्ग
गांजा तस्कर गिरफ्तार-दुर्ग

दुर्ग । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में नशीले पदार्थों के अवैध व्यापार के विरुद्ध पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल की है. खुर्सीपार पुलिस और एसीसीयू (ACCU) की संयुक्त टीम ने मुखबिर की सटीक सूचना पर कार्रवाई करते हुए तीन अंतरराज्यीय तस्करों को दबोचा है. पकड़े गए आरोपियों में ओडिशा के दो युवकों सहित भिलाई की एक बुजुर्ग महिला शामिल है. 


पुलिस ने इनके कब्जे से साढ़े नौ किलो गांजा बरामद किया है, जिसकी बाजार में कीमत अन्य जब्त सामानों के साथ करीब 5.19 लाख रुपये आंकी गई है.

विज्ञापन


यह पूरी कार्रवाई खुर्सीपार थाना क्षेत्र के बालाजी नगर में अंजाम दी गई. पुलिस को सूचना मिली थी कि श्री राम मंदिर के पास एक मकान में तस्करी कर लाया गया गांजा छिपाया गया है, जिसे शहर के अलग-अलग हिस्सों में खपाने की योजना है. 


दबिश के दौरान पुलिस ने मौके से नवीन राना (26) और प्रमोद राणा (28) निवासी बलांगीर (ओडिशा) के साथ स्थानीय निवासी 65 वर्षीय दुर्गा अम्मा को हिरासत में लिया. तलाशी लेने पर उनके पास से 9 किलो 500 ग्राम मादक पदार्थ, 12,100 रुपये नकद और तस्करी में प्रयुक्त दो मोबाइल फोन जब्त किए गए.


पूछताछ में आरोपियों ने कबूल किया कि वे कम समय में अधिक मुनाफा कमाने के लालच में ओडिशा से गांजे की खेप लाकर दुर्ग-भिलाई के इलाकों में सप्लाई करते थे. 


पुलिस ने तीनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश किया है. फिलहाल पुलिस इस गिरोह के अन्य संपर्कों और नेटवर्क की गहराई से जांच कर रही है ताकि इस अवैध कारोबार की जड़ तक पहुंचा जा सके.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP