कांग्रेस ने छत्तीसगढ़ में 'वोट चोर, गद्दी छोड़' पदयात्रा शुरू की
रायपुर । संवाददाता: विपक्षी कांग्रेस ने मंगलवार को छत्तीसगढ़ में मतदाता सूचियों में कथित अनियमितताओं को उजागर करने के लिए तीन दिवसीय 'वोट चोर, गद्दी छोड़ अभियान' पदयात्रा अभियान की शुरुआत रायगढ़ से की. यह अभियान जनसामान्य के बीच जागरूकता फैलाने का प्रयास है.
कार्यक्रम की शुरुआत एक जनसभा से हुई, जिसमें पार्टी के राज्य प्रभारी सचिन पायलट ने संबोधित किया और हस्ताक्षर अभियान चलाया गया. भाजपा पर वोट चोरी का आरोप लगाते हुए पायलट ने कहा कि चुनाव आयोग (ईसी) ने 'चुनावी कदाचार' के सबूतों की अनदेखी की है.
उन्होंने कहा, "अब समय आ गया है कि सभी जागरूक हों, समझें और मतदाता के अधिकार के लिए लड़ें. राहुलजी ने वोट चोरी के सबूत दिए हैं. हर कोई लोकतंत्र की ताकत का सम्मान करता है, लेकिन हम लोकतंत्र को लूटने वाली किसी भी साजिश को बर्दाश्त नहीं करेंगे."
पार्टी नेताओं का कहना है कि विपक्ष के नेता राहुल गांधी द्वारा देश की चुनावी प्रक्रिया, खासकर मतदाता सूची में 'अनियमितताओं' के बारे में पेश किए गए सबूत गंभीर हैं और हालिया चुनावों की निष्पक्षता पर सवाल खड़े करते हैं.
छत्तीसगढ़ के गृह मंत्री विजय शर्मा ने कांग्रेस पर 'वोट चोरी' के नाम पर भ्रम फैलाने और लोगों को गुमराह करने का आरोप लगाया है.
रायगढ़ से शुरू होकर यह तीन दिवसीय पदयात्रा कोरबा, तखतपुर, मुंगेली, बेमेतरा, राजनांदगांव, दुर्ग से गुजरते हुए 18 सितंबर को भिलाई में समाप्त होगी. इसमें 530 किलोमीटर से अधिक दूरी तय की जाएगी.
कांग्रेस मीडिया सेल के अध्यक्ष सुशील आनंद शुक्ला के अनुसार, कार्यक्रम में पैदल मार्च, हस्ताक्षर अभियान, मशाल जुलूस, मोटरसाइकिल रैलियां और जनसभाएं आयोजित की जाएंगी.
राज्य कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने आरोप लगाया कि "चुनाव आयोग का कार्यप्रणाली पिछले कुछ वर्षों से संदेह के घेरे में है. ईसी राजनीतिक दलों को डिजिटल मतदाता सूची क्यों उपलब्ध नहीं करा रहा? देश के चुनावों को रिगिंग किया जा रहा है और वोट चुराए जा रहे हैं."
विपक्ष के नेता चरणदास महंत, पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, पूर्व उपमुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव, पार्टी सचिव एस सम्पत, जरिता लेइतफलांग, विजय जांगिड सहित वरिष्ठ नेता, पदाधिकारी, कार्यकर्ता और समर्थक पदयात्रा में भाग लेंगे.