ABVP ने DUSU चुनावों में किया क्लीन स्वीप, NSUI को उपाध्यक्ष पद
नई दिल्ली । डेस्क: दिल्ली विश्वविद्यालय छात्र संघ (DUSU) चुनावों में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) से संबद्ध अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अध्यक्ष सहित तीन प्रमुख पदों पर कब्जा जमाया. जबकि कांग्रेस समर्थित नेशनल स्टूडेंट्स यूनियन ऑफ इंडिया (NSUI) केवल उपाध्यक्ष पद तक सीमित रही.
ABVP के आर्यन मान ने अध्यक्ष पद पर NSUI की जॉसलिन नंदिता चौधरी को 16,196 वोटों के बड़े अंतर से हराया. उपाध्यक्ष पद पर NSUI के राहुल झांसला ने 29,339 वोट हासिल कर ABVP के गोविंद तंवर (20,547 वोट) को हराया. ABVP के कुणाल चौधरी ने 23,779 वोटों के साथ सचिव पद जीता, जबकि दीपिका झा ने 21,825 वोटों के साथ संयुक्त सचिव पद पर जीत हासिल की, जिसमें उन्होंने लवकुश भदाना (17,380 वोट) को हराया.
स्टूडेंट्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (SFI) और ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन (AISA) को कोई सफलता नहीं मिली.
नवनिर्वाचित अध्यक्ष आर्यन मान ने कहा, "मुझे सभी कॉलेजों के छात्रों का समर्थन मिला. मेरी पहली प्राथमिकता डीयू छात्रों के लिए मेट्रो रियायती पास की व्यवस्था करना और खिलाड़ियों के लिए पर्याप्त प्रशिक्षण उपकरण उपलब्ध कराना होगा."
उन्होंने समर्थकों से दिल्ली हाई कोर्ट के आदेश का पालन करते हुए शांतिपूर्ण उत्सव मनाने की अपील की.
ABVP के विजयी उम्मीदवारों को समर्थकों ने कंधों पर उठाकर नारे लगाए.
दीपिका झा ने कहा, "बिहार से आने के बाद छह साल की मेहनत रंग लाई." NSUI के राष्ट्रीय अध्यक्ष वरुण चौधरी ने X पर कहा कि उनकी पार्टी ने "डीयू प्रशासन, दिल्ली सरकार, केंद्र सरकार, RSS-BJP और दिल्ली पुलिस" के खिलाफ कठिन लड़ाई लड़ी.
पिछले वर्ष 2024 में NSUI ने सात साल बाद अध्यक्ष पद जीता था, लेकिन इस बार ABVP ने दमदार वापसी की.