रवि, 18 अक्टू. 2026

CGKhabar

बाइक चलाते युवक को आया हार्ट अटैक, मौत

H

Hupendra Sharma

13 अग. 2025, 01:09 PM 2 मिनट में पढ़ें 2

हार्ट अटैक
हार्ट अटैक

अंबिकापुर | संवाददाताः छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर में बाइक चलाते समय हार्ट अटैक आने से एक युवक की मौत का मामला सामने आया है. युवक बाइक चलाते हुए जा रहा था और अचानक लड़खड़ाते हुए सड़क किनारे गिर गया. गिरते समय वह खड़ी कार से भी टकरा गया.


आसपास के लोगों ने तत्काल इसकी सूचना पुलिस और एंबुलेंस को दी. एंबुलेंस करीब एक घंटे तक मौके पर नहीं पहुंची.

विज्ञापन


जबकि पुलिस सूचना मिलने के कुछ देर बाद ही पहुंच गई, लेकिन युवक को अस्पताल पहुंचाने के बजाय गाड़ी का नंबर नोट किया और वहां से पुलिसकर्मी गए.


करीब घंटे भर तक युवक का शव सड़क पर पड़ा रहा. लोगों ने शव को ऑटो में डालकर हॉस्पिटल पहुंचाया.


यह पूरी घटना पास में ही लगे एक दुकान के सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है. जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. 


यह पूरी घटना रिंग रोड नमला कला मंजूषा एकेडमी के सामने की है. युवक की पहचान सिरिल तिर्की के रूप में हुई है. वह अंबिकापुर के बिशप हाउस में काम करता था. 


युवक बाइक से बस स्टैंड की ओर जा रहा था. इसी दौरान उसे अचानक हार्ट अटैक आ गया.


वह बाइक की रफ्तार कम कर रुकने की कोशिश कर रहा था. उससे पहले ही वह बाइक सहित साइड में खड़ी एक कार से टकरा गया और गिर गया. उसकी मौके पर मौत हो गई. 


घटना की सूचना गांधीनगर थाने को दी गई. थाने के कुछ पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे और कार और बाइक का नंबर लिखा और कुछ देर बाद चले गए.


युवक के गिरने के बाद लोगों द्वारा एम्बुलेंस के लिए भी काल किया गया, लेकिन एम्बुलेंस नहीं पहुंचा. युवक की मौत की जानकारी लगने पर लोगों ने शव वाहन के लिए भी काल किया, लेकिन शव वाहन उपलब्ध नहीं हो सका.


घटना की सूचना पर बिशप हाउस में कार्यरत लोग मौके पर पहुंचे और सिरिल तिर्की के शव को हॉस्पिटल पहुंचाया. डॉक्टरों ने प्रथम दृष्टया हादसे का कारण हार्ट अटैक आना बताया है.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP