युवक की मौत, परिजनों ने लगाया पुलिस पर आरोप
युवक की मौत पर परिजनों ने लगाया पुलिस पर आरोप
रायगढ़ | संवाददाताः छत्तीसगढ़ के रायगढ़ में मालगाड़ी की चपेट में आने से एक युवक की मौत के मामले में परिजनों ने पुलिस पर गंभीर आरोप लगाया है. परिजनों का कहना है कि पुलिस द्वारा युवक को दौड़ाने के दौरान यह घटना घटी है. पीड़ित परिजनों ने इस मामले में उच्च स्तरीय जांच की मांग की है.
घटना कोतवाली थाना क्षेत्र की है. सोनिया नगर निवासी युवक श्याम गोरख की बीती रात को मालगाड़ी की चपेट में आने से मौत हो गई थी.
घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों के साथ काफी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए थे.
परिजनों ने सिटी कोतवाली पुलिस पर गंभीर आरोप लगाया है कि श्याम को पुलिस दौड़ा रही थी, जिससे घबरा कर वह रेलवे ट्रैक पार कर रहा था और इसी दौरान हादसा हो गया.
बताया जा रहा है कि मृतक श्याम गोरख पहले आटो चलाता था और वर्तमान में वह एक निजी कंपनी में काम करता था. मृतक के खिलाफ कई आपराधिक मामले थाने में दर्ज है.
मृतक युवक के भाई दिनेश गोरख का आरोप है पुलिस रात को उसके भाई का पीछा कर रही थी. तभी ट्रेन की चपेट में आने से उसकी मौत हो हुई.
मृतक के भाई ने मांग की है कि रेलवे स्टेशन में लगे सीसीटीवी कैमरे का फुटेज उन्हें दिया जाए जिससे साफ पता चल सकेगा कि आखिरकार इस घटना की वजह क्या थी.
परिजनों का कहना है कि पूरे मामले की निष्पक्ष और उच्चस्तरीय जांच होनी चाहिए, ताकि सच्चाई सामने आ सके.
इस मामले में जीआरपी के प्रधान आरक्षक का कहना है कि वह एक युवक के प्लेटफार्म नंबर 3 में ओवर ब्रिज के नीचे घायल होने की सूचना पर पहुंचे थे. लेकिन पहुंचते तक युवक की मौत हो चुकी थी. युवक का हाथ पैर कटा हुआ था, जिसके बाद मृतक के शव को उठवाकर अस्पताल भेजा गया.
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आकाश मरकाम ने बताया कि बीती रात 10 बजे कोतवाली पुलिस टीम पेट्रोलिंग के लिए रेलवे स्टेशन के पास पहुंची थी.
उसी दौरान पुलिस श्याम गोरख पुलिस वाहन को देखकर भागने लगा और भागते-भागते वह रेलवे स्टेशन पहुंच गया.
रेलवे लाइन पार करते समय वह मालगाड़ी की चपेट में आ गया जिससे उसकी मौत हो गई.