छत्तीसगढ़ के 14 जिलों में बारिश का यलो अलर्ट
रायपुर | संवाददाताः छत्तीसगढ़ में पिछले 40 घंटों से झमाझम बारिश का दौर जारी है. इस दौरान प्रदेश के कई जिलों में भारी बारिश के कारण हालात मुश्किल हो गए हैं. दर्जनों गांव बाढ़ की वजह से टापू में तब्दील हो गए हैं.
वहीं मौसम विभाग ने आज यानी रविवार को भी प्रदेश के 14 जिलों में बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है. इस दौरान कुछ स्थानों पर बिजली भी गिर सकती है.
विभाग के अनुसार, रायपुर, दुर्ग, बिलासपुर, सरगुजा, जशपुर, कोरबा, रायगढ़, जांजगीर-चांपा, बलौदाबाजार, महासमुंद, बीजापुर, नारायणपुर, कोंडागांव और बस्तर जिलों में बारिश की चेतावनी दी है.
पिछले 24 घंटों में छत्तीसगढ़ के अधिकांश जिलों में बारिश हुई. वहीं सभी संभागों के एक-दो स्थानों पर भारी से अति भारी वर्षा हुई है.
इस दौरान बलरामपुर जिले में सर्वाधिक 200.0 मिमी बारिश कुसुमी में रिकार्ड की गई.
मौसम विभाग के अनुसार एक अवदाब तटीय पश्चिम बंगाल और बांग्लादेश तट के पास बना हुआ है, जो अगले 24 घंटों में झारखंड और ओडिशा की ओर बढ़ेगा. इसके साथ ही उत्तर छत्तीसगढ़ में एक ऊपरी हवा का चक्रीय चक्रवात सक्रिय है. साथ ही एक अन्य द्रोणिका अरब सागर से छत्तीसगढ़ तक बनी हुई है.
इसके प्रभाव से प्रदेश में आज अनेक स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा और गरज चमक के साथ छींटे पड़ने की संभावना है. वहीं कुछ जगहों पर गरज चमक के साथ बिजली गिरने की आशंका है. हालांकि 26 जुलाई के मुकाबले आज बारिश कम होगी.