बिलासपुर में जंगली हाथी के हमला में महिला की मौत
बिलासपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में शुक्रवार को एक जंगली हाथी के हमले में एक महिला की मौत हो गई और उसके किशोर बेटे-बेटी सहित तीन अन्य घायल हो गए. एक वन अधिकारी ने यह जानकारी दी.
सीपत वन परिक्षेत्र के खपरीखोल गांव की रहने वाली कुमारी बाई यादव (45), उनके बेटे दुर्गा प्रसाद (13) और उनकी 17 वर्षीय बेटी को शुक्रवार तड़के हाथी ने तब निशाना बनाया जब वे अपनी धान की फसल की रखवाली के लिए घर के पीछे सो रहे थे.
अधिकारी ने बताया, "जंगली जानवर ने कुमारी बाई पर हमला कर दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दुर्गा प्रसाद को पैरों और सिर पर गंभीर चोटें आईं. उनकी बेटी मामूली चोटों के साथ बच गई."
सूचना मिलने पर वन विभाग के कर्मी मौके पर पहुंचे और महिला के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा, जबकि घायल बच्चों को बिलासपुर शहर के छत्तीसगढ़ आयुर्विज्ञान संस्थान (CIMS) में भर्ती कराया गया.
अधिकारी ने आगे बताया कि कुछ घंटों बाद, उसी हाथी ने बिलासपुर वन परिक्षेत्र के धूरीपारा गांव के रहने वाले राजेश धूरी (22) पर हमला कर दिया, जब वह गांव में अपने घर के पास नहाने जा रहे थे. धूरीपारा गांव खपरीखोल गांव से करीब चार किलोमीटर दूर है.
उन्होंने कहा, "राजेश के सिर में गंभीर चोटें आईं और उनका पैर फ्रैक्चर हो गया. उनके परिवार के सदस्यों ने उन्हें बिलासपुर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया है."
वन अधिकारी ने बताया कि यह जंगली हाथी एक सप्ताह से अधिक समय से अपने झुंड से बिछड़कर इलाके में घूम रहा है.
मृतका के परिजनों को तत्काल राहत राशि के तौर पर ₹25,000 दिए गए हैं. अधिकारी ने बताया कि नियमानुसार प्रक्रिया पूरी होने के बाद शेष मुआवजा राशि वितरित की जाएगी. इसके अलावा, दोनों गंभीर रूप से घायल व्यक्तियों को ₹5,000-₹5,000 की वित्तीय सहायता भी प्रदान की गई है. (Symbolic Photo)