रायपुर में प्रसव के बाद महिला की मौत, नहीं पहुंचा डॉक्टर
रायपुर | संवाददाताः राजधानी रायपुर के बिरगांव सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र में प्रसव के बाद एक महिला की मौत हो गई. इस घटना के बाद परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया. इसके बाद आक्रोशित परिजन थाने पहुंच गए और दोषी वार्ड ब्वाय के खिलाफ मामला दर्ज करने की मांग करते हुए वहां भी काफी हंगामा किया.
बिरगांव सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र में 22 वर्षीय एक महिला को प्रसव के लिए भर्ती कराया गया था.
सोमवार देर रात प्रसव होने के बाद महिला की तबीयत ज्यादा बिगड़ गई. वह लगातार दर्द होने की शिकायत कर रही थी. अस्पताल में मौजूद परिजनों ने इसकी शिकायत वार्ड ब्वाय से करते हुए डॉक्टर को बुलाने के लिए कहा. लेकिन अस्पताल में उस समय कोई भी डॉक्टर मौजूद नहीं था.
परिजनों का आरोप है कि प्रसूता की स्थिति काफी खराब हो रही थी. जिसे देखते हुए बार-बार कहने के बाद भी वार्ड ब्वाय ने डॉक्टर को नहीं बुलाया. इस दौरान डॉक्टर को बुलाने की बात पर वार्ड ब्वाय से विवाद भी हुआ. इसके बाद वार्ड ब्वाय ने ही पीड़िता को इंजेक्शन लगाया.
इंजेक्शन लगाने के बाद प्रसूता की तबीयत और ज्यादा बिगड़ गई, और कुछ देर बाद उसकी मौत हो गई.
परिजनों का आरोप है कि डॉक्टर की अनुपस्थिति व सही उपचार के अभाव में महिला की जान चली गई.