बुध, 18 नव. 2026

CGKhabar

मकान किराये और निवेश के नाम पर महिला से 28.55 लाख की धोखाधड़ी, केस दर्ज

रायपुर में एवेना कंपनी के संचालकों ने पहले मकान किराये पर लेकर समय पर भुगतान किया और भरोसा जीतने के बाद दूसरे शहरों में सिक्योरिटी डिपॉजिट के नाम पर निवेश कराकर महिला से 28.55 लाख रुपए की ठगी कर ली.

C

CG Khabar

18 नव. 2026, 07:59 AM 3 मिनट में पढ़ें 16

रायपुर के महिला से निवेश के नाम पर 28 लाख की ठगी
रायपुर के महिला से निवेश के नाम पर 28 लाख की ठगी

रायपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के रायपुर में मुजगहन थाना पुलिस ने ग्रीन विले सिटी, बोरियाकला निवासी ज्योति सोनी की शिकायत पर धोखाधड़ी का अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. महिला ने आरोप लगाया है कि एवेना नाम की कंपनी के संचालकों ने मकान किराये पर लेने और दूसरे शहरों में संपत्तियों के ऑनलाइन संचालन के नाम पर उनसे कुल 28.55 लाख रुपए की ठगी की है, साथ ही उनके मकान का 4.63 लाख रुपए किराया भी बकाया रखा है.

इस पूरे मामले की शुरुआत मार्च 2026 में इंस्टाग्राम पर चल रहे एक विज्ञापन से हुई, जिसे ऋतिक अग्रवाल और अर्जुन अरोरा एवेना के नाम से चला रहे थे. इसी विज्ञापन के माध्यम से ज्योति सोनी की बातचीत कंपनी के प्रतिनिधि अजय अग्रवाल से हुई, जिसने संपत्ति किराये पर लेकर नियमित भुगतान करने का आश्वासन दिया. महिला का आरोप है कि उनसे अजय अग्रवाल बनकर बात करने वाला व्यक्ति असल में कंपनी का निदेशक ऋतिक अग्रवाल ही है, जबकि आर्यन के नाम से संपर्क करने वाला व्यक्ति अर्जुन अरोरा बताया गया है.

आरोपियों ने शुरुआत के दो महीनों तक मकान का किराया समय पर देकर महिला का विश्वास जीत लिया. इसके बाद कंपनी के प्रतिनिधियों ने किराये के साथ-साथ निवेश के जरिए अतिरिक्त मुनाफा कमाने का प्रस्ताव रखा. उन्होंने बताया कि भोपाल सहित अन्य शहरों में मकान किराये पर लेने के लिए मालिकों को सिक्योरिटी डिपॉजिट देना होता है, जिसके लिए कंपनी निवेश लेती है और नियमित लाभ देती है. 

इस झांसे में आकर महिला ने 8 मई को 50 हजार, 11 मई को 4.50 लाख और 15 जून को 5 लाख रुपए बैंक के माध्यम से जमा कर कुल 10 लाख रुपए का शुरुआती निवेश किया. इस रकम पर मई, जून और जुलाई में लाभ भी दिया गया.

शुरुआती मुनाफा देकर आरोपियों ने महिला को बताया कि भोपाल, देहरादून, नासिक, भीमताल, गोवा और जयपुर में नई संपत्तियां किराये पर लेने का काम मिल रहा है, जिसके लिए और पूंजी की आवश्यकता है. निवेश के बदले लिखित समझौता और सुरक्षा चेक देने का भरोसा मिलने पर महिला ने अलग-अलग तारीखों में 18.55 लाख रुपए और जमा कर दिए, जिससे कुल निवेशित राशि 28.55 लाख रुपए तक पहुंच गई. 

जब बड़ी रकम जमा हो गई और महिला ने लिखित समझौता तथा सुरक्षा चेक मांगे, तो आरोपियों ने टालमटोल करना शुरू कर दिया. बाद में महिला ने अपने स्तर पर जानकारी जुटाई तो सामने आया कि जिन मकान मालिकों को सिक्योरिटी डिपॉजिट देने के नाम पर यह पैसा लिया गया था, उन्हें कथित तौर पर कोई रकम दी ही नहीं गई थी, जिसके बाद उन्होंने पुलिस की शरण ली.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP