वारेन बफेट ने 48 सालों से नहीं पिया पानी, चेरी कोक है पहली पसंद
मशहूर निवेशक वारेन बफेट पिछले 48 सालों से पानी पीने के बजाय चेरी कोक पी रहे हैं. बिल एकमैन ने एक पॉडकास्ट में बफेट की इस अनोखी आदत का खुलासा किया है.
नई दिल्ली । डेस्क: दुनिया के मशहूर निवेशक और अरबपति वारेन बफेट पिछले 48 सालों से एक गिलास पानी भी नहीं पिया है. पानी की जगह उनकी पसंदीदा ड्रिंक चेरी कोक है. हाल ही में एक पॉडकास्ट में यह जानकारी एक अन्य अरबपति निवेशक बिल एकमैन ने दी है.
'इक्विटी मेट्स इन्वेस्टिंग' नाम के पॉडकास्ट में एकमैन ने बफेट के साथ एक डिनर का अनुभव साझा किया. उन्होंने बताया कि एक बार खाने की मेज पर उन्होंने बफेट से पूछा था कि क्या वे साधारण पानी लेंगे या स्पार्कलिंग वॉटर. लेकिन बफेट ने दोनों को खारिज कर दिया और अपनी सॉफ्ट ड्रिंक की पसंद के बारे में बताया.
एकमैन ने कहा कि उन्होंने बफेट से पूछा था कि क्या आप पानी नहीं पीते? इसके जवाब में बफेट ने कहा था कि बिल, मैंने 48 सालों से पानी नहीं पिया है.
एकमैन ने यह भी बताया कि कुछ साल पहले जब बफेट उनके घर डिनर पर आए थे, तो मेहमान की पसंद को ध्यान में रखते हुए उन्होंने पहले से ही चेरी कोक का इंतजाम कर रखा था.
ब्रिटिश लेखक ग्लेन अर्नोल्ड ने अपनी किताब 'द डील्स ऑफ वारेन बफेट वॉल्यूम 2: द मेकिंग ऑफ ए बिलियनेयर' में उल्लेख किया है कि 96 वर्षीय यह निवेशक रोजाना पांच कैन कोक पीते थे. लगभग 50 सालों तक वे पेप्सी पीते रहे, लेकिन बाद में चेरी कोक की ओर आकर्षित हो गए.
साल 2015 में 'फॉर्च्यून' पत्रिका को दिए एक इंटरव्यू में बफेट ने कहा था कि वे एक-चौथाई कोका-कोला हैं. उन्होंने यह भी कहा था कि वे रोजाना अपने खाने से लगभग 2,700 कैलोरी लेते हैं, जिसका एक-चौथाई हिस्सा कोका-कोला से आता है. वे रोजाना कम से कम 12 औंस की पांच सर्विंग कोक पीते हैं.
बफेट के बेटे हॉवर्ड के बचपन के एक दोस्त ने सीएनबीसी को बताया कि बचपन में हॉवर्ड के दोस्त बफेट को 'पेप्सी वारेन' कहकर बुलाते थे, क्योंकि उस समय बफेट पेप्सी पिया करते थे.
साल 1986 में बर्कशायर हैथवे की वार्षिक बैठक में बफेट ने पेप्सी के प्रति अपनी लंबे समय की वफादारी को बदला. उस समय उन्होंने चेरी कोक को कंपनी की वार्षिक बैठक का आधिकारिक पेय घोषित किया था.