जांजगीर: दहेज प्रताड़ना और शराब की लत से तंग आकर महिला ने की आत्महत्या, फरार आरोपी पति गिरफ्तार
दहेज की लालच और शराब की लत में पत्नी को प्रताड़ित करने वाले फरार आरोपी पति को जांजगीर पुलिस ने अकलतरा क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया है.
जांजगीर । संवाददाता: जांजगीर पुलिस को मुखबिर से सटीक सूचना मिलने के बाद अकलतरा क्षेत्र से गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार ठिकाने बदल रहे फरार आरोपी पति लव कुमार पटेल उर्फ मोटन को हिरासत में ले लिया गया है. बिलासपुर जिले के मस्तूरी थाना अंतर्गत एरमशाही (वार्ड क्रमांक 14, यादव मोहल्ला) निवासी लव कुमार पटेल पर आरोप है कि उसकी शराब की लत, चरित्र पर बेवजह शक और मायके से पैसे लाने के लिए लगातार की जाने वाली शारीरिक व मानसिक प्रताड़ना से परेशान होकर उसकी पत्नी श्रद्धा पटेल ने अपनी जान दे दी.
पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध बीएनएस की धारा 80(2) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी.
सोठी गांव की रहने वाली श्रद्धा पटेल का विवाह लगभग डेढ़ वर्ष पहले लव कुमार पटेल के साथ संपन्न हुआ था. परिजनों, माता-पिता और बहनों द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार शादी के डेढ़ साल के भीतर ही आरोपी अपनी व्यक्तिगत जरूरतों तथा शराब के खर्च के लिए मृतका पर मायके से पैसे मंगवाने का दबाव बनाने लगा था.
मांगे पूरी न होने पर वह मारपीट करता था और चरित्र पर लांछन लगाकर प्रताड़ित करता था. इस निरंतर उत्पीड़न से आहत होकर श्रद्धा 30 अप्रैल 2026 को बलौदा स्थित अपने किराये के मकान से अचानक कहीं चली गई थी.
इसके बाद 1 मई 2026 को ग्राम बिरगहनी के बंधवा तालाब के पार नीम के पेड़ पर एक अज्ञात महिला का शव फांसी के फंदे से लटकता पाए जाने की सूचना पुलिस को मिली. मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने पंचनामा कार्रवाई के बाद शव की पहचान श्रद्धा पटेल के रूप में की.
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत की वजह फांसी लगाने के कारण दम घुटना बताई गई और घटना की प्रकृति आत्महत्या की पाई गई. इस तरह दहेज की लालसा और नशे की लत के कारण एक हंसती-खेलती जिंदगी का हमेशा के लिए दुखद अंत हो गया.