घरघोड़ा: तेज रफ्तार बस ने बाइक सवार को मारी टक्कर, युवक की मौत
घरघोड़ा-चारभांठा मार्ग पर तेज रफ्तार बस की चपेट में आने से बाइक सवार युवक की मौत, पुलिस जांच में जुटी.
रायगढ़ । संवाददाता: रायगढ़ जिले के घरघोड़ा थाना क्षेत्र में शनिवार रात एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना सामने आई है. ग्राम कोगनारा के रहने वाले धर्मेन्द्र राठिया शनिवार को किसी निजी काम से घरघोड़ा आए हुए थे. रात लगभग 8 बजे जब वे अपनी बाइक से वापस गांव लौट रहे थे, तभी चारभांठा के मुख्य मार्ग पर स्थित प्रतीक्षालय के समीप सामने से आ रही तेज रफ्तार पूर्णा गिरी बस ने उनकी मोटरसाइकिल को जोरदार टक्कर मार दी.
भिड़ंत इतनी भीषण थी कि धर्मेन्द्र उछलकर सड़क पर काफी दूर जा गिरे, जिससे उनके सिर और शरीर के कई अन्य अंगों में बेहद गंभीर चोटें आईं.
घटना के तुरंत बाद मौके पर स्थानीय लोगों का जमावड़ा लग गया. सूचना मिलते ही परिजन और ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंचे और खून से लथपथ युवक को आनन-फानन में इलाज के लिए घरघोड़ा अस्पताल ले गए.
हालांकि, अस्पताल में चिकित्सकों ने परीक्षण के उपरांत उन्हें मृत घोषित कर दिया. इस दुखद हादसे की खबर मिलते ही मृतक के परिवार में मातम छा गया.
मामले में मृतक के भाई की शिकायत व रिपोर्ट पर घरघोड़ा पुलिस ने बस चालक के विरुद्ध बीएनएस की धारा 106(1) के तहत मामला पंजीबद्ध कर लिया है और घटना की विस्तृत जांच कर रही है.