रवि, 18 अक्टू. 2026

CGKhabar

सरगुजा में करैत का कहर 3 दिनों में 6 मौतें

C

CG Khabar

04 जुल. 2026, 02:44 AM 3 मिनट में पढ़ें 2

सांप
सांप

अंबिकापुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के सरगुजा संभाग में मानसून की दस्तक के साथ ही सर्पदंश की घटनाओं में भारी इजाफा हुआ है. पिछले 24 घंटों के भीतर ही सांप के काटने से दो सगे भाइयों समेत तीन लोगों की असमय मौत हो गई. इन सभी का इलाज अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल में चल रहा था, जहां डॉक्टरों की तमाम कोशिशों के बाद भी इन्हें बचाया नहीं जा सका. 


चौंकाने वाली बात यह है कि बीते तीन दिनों के भीतर इलाके में सर्पदंश से कुल 6 लोग अपनी जान गंवा चुके हैं, जिससे ग्रामीण इलाकों में दहशत का माहौल है.

विज्ञापन


प्राप्त जानकारी के अनुसार, इस सीजन में जहरीले सांपों का निकलना काफी बढ़ गया है. ताजा मामलों में जशपुर जिले के डोकड़ा गांव की रहने वाली 43 वर्षीय महिला सेबेपितया 30 जून की रात अपने घर में जमीन पर चटाई बिछाकर सो रही थी.


इसी दौरान एक जहरीले करैत सांप ने उन्हें डस लिया. परिजनों को जब कमरे में सांप दिखा तो वे तुरंत महिला को लेकर फरसाबहार अस्पताल भागे, जहां से गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया था. 


यहाँ शुक्रवार को इलाज के दौरान महिला ने दम तोड़ दिया. प्रशासन ने मर्ग कायम कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है.


वहीं दूसरी हृदयविदारक घटना बलरामपुर जिले के पिपरसोत गांव की है. गुरुवार की रात करीब 11:30 बजे 9 साल का विकास नगेशिया और उसका 3 साल का छोटा भाई विक्रांत नगेशिया खाट पर सो रहे थे. सोते समय विकास को अचानक किसी चीज के काटने का अहसास हुआ, जिससे उसकी आंख खुल गई और वह चिल्लाने लगा. 


शोर सुनकर पहुंचे परिजनों ने जब खाट पर करैत सांप को देखा तो उनके होश उड़ गए. परिजन तुरंत दोनों मासूमों को स्थानीय अस्पताल ले गए, जहां से उन्हें अंबिकापुर रेफर किया गया. अस्पताल पहुंचने के कुछ ही देर बाद बड़े भाई विकास की मौत हो गई, जबकि आईसीयू में जिंदगी की जंग लड़ रहे छोटे भाई विक्रांत ने भी शुक्रवार शाम को दम तोड़ दिया.


गौरतलब है कि ठीक तीन दिन पहले भी संभाग में ऐसी ही दर्दनाक घटनाएं सामने आई थीं. बलरामपुर के डंभाटोली गांव में जमीन पर सो रहे एक पिता और उनकी बेटी की सांप के काटने से मौत हो गई थी,

जबकि सरगुजा के लखनपुर में भी एक 13 साल की नाबालिग लड़की ने करैत के डसने के कारण दम तोड़ दिया था. लगातार हो रही इन मौतों ने बारिश के मौसम में जमीन पर सोने वाले ग्रामीणों की सुरक्षा पर बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP