कुत्ते को भगाने पर हुए विवाद में ग्रामीण की पीट-पीटकर हत्या
बेमेतरा । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के बेमेतरा जिले में एक आवारा कुत्ते को भगाने जैसी छोटी सी बात पर बढ़ा विवाद हत्या में बदल गया. साजा थाना क्षेत्र के ग्राम बोरतरा में कुत्ते को दी गई गाली को अपने ऊपर लेकर चार लोगों ने एक ग्रामीण पर लाठी-डंडों और पत्थरों से जानलेवा हमला कर दिया.
इस हिंसक हमले में गंभीर रूप से घायल व्यक्ति ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया. पुलिस ने मामले की त्वरित कार्रवाई करते हुए चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है.
यह पूरी वारदात बीते मंगलवार, 6 अगस्त की सुबह करीब 9:30 बजे की है, जब बोरतरा निवासी ओमप्रकाश प्रजापति अपनी पत्नी ललिता के साथ खेत की तरफ जा रहे थे. रास्ते में एक लावारिस कुत्ता उनके पीछे लग गया, जिसे दूर भगाने के लिए ओमप्रकाश ने उसे गाली दे दी.
पास ही मौजूद गांव के शिवकुमार श्रीवास, सोमनाथ, दीपक और रोशन ने इस बात को अपने लिए कहा गया अपशब्द समझ लिया और दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई. देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ा कि चारों आरोपियों ने एकजुट होकर ओमप्रकाश पर हमला बोल दिया. हमले के दौरान बीच-बचाव करने आई उनकी पत्नी को भी चोटें आईं.
सिर और पसलियों में गंभीर चोट लगने के कारण ओमप्रकाश की हालत नाजुक बनी हुई थी. परिजनों ने तुरंत पुलिस और एंबुलेंस को सूचित किया, जिसके बाद उन्हें साजा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र से जिला अस्पताल बेमेतरा रेफर किया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई.
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसडीओपी बेरला और साजा थाना प्रभारी पुलिस बल तथा फोरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल से अहम साक्ष्य एकत्र किए.
पुलिस जांच में यह बात भी सामने आई कि दोनों परिवारों के बीच पहले से ही पुरानी रंजिश चली आ रही थी, जिसकी वजह से मामूली सी गलतफहमी ने इतना हिंसक रूप ले लिया. हिरासत में लेकर की गई पूछताछ में आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है.
पुलिस ने उनकी निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल किए गए डंडे और पत्थर भी बरामद कर लिए हैं. गिरफ्तार किए गए आरोपियों में 55 वर्षीय शिवकुमार श्रीवास, 27 वर्षीय रोशन श्रीवास, 25 वर्षीय दीपक श्रीवास और 23 वर्षीय सोमनाथ उर्फ छोटू श्रीवास शामिल हैं.