शनि, 17 अक्टू. 2026

CGKhabar

वेदांता प्रबंधन 35-35 लाख रुपये का मुआवजा देगा

C

CG Khabar

15 अप्रै. 2026, 01:49 AM 2 मिनट में पढ़ें 1

वेदांत पावर प्लांट
वेदांत पावर प्लांट

रायपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले के सिंघीतराई स्थित वेदांता पावर प्लांट में मंगलवार दोपहर बॉयलर फटने से हुए भीषण विस्फोट में 19 श्रमिकों ने अपनी जान गंवा दी, जबकि 26 अन्य मजदूर घायल हुए हैं. 


इस दर्दनाक हादसे के बाद आक्रोशित परिजनों और स्थानीय लोगों को शांत करने पहुंचे प्रशासनिक अधिकारियों और प्लांट प्रबंधन ने पीड़ितों के लिए बड़ी राहत राशि की घोषणा की है.


वेदांता प्रबंधन ने जिम्मेदारी लेते हुए स्पष्ट किया है कि प्रत्येक मृतक के परिवार को 35-35 लाख रुपये का मुआवजा दिया जाएगा. इसके साथ ही, परिवार के एक सदस्य को सुरक्षित भविष्य के लिए स्थायी नौकरी देने का भी आश्वासन दिया गया है. 


हादसे में गंभीर रूप से घायल हुए श्रमिकों को भी 15-15 लाख रुपये तक की आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी. प्रबंधन ने कहा है कि वह इस दुख की घड़ी में प्रभावित परिवारों के साथ पूरी तरह खड़ा है.


इस हादसे पर केंद्र और राज्य सरकार ने भी गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए मदद के हाथ बढ़ाए हैं. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शोक संतप्त परिवारों के प्रति सहानुभूति जताते हुए पीएमएनआरएफ से मृतकों के परिजनों को 2 लाख रुपये और घायलों को 50 हजार रुपये देने का एलान किया है. 


वहीं, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने भी राज्य सरकार की ओर से मृतकों के आश्रितों को 5 लाख रुपये और घायलों को 50 हजार रुपये की सहायता राशि देने की घोषणा की. 


मुख्यमंत्री ने बिलासपुर कमिश्नर को इस उच्च-स्तरीय दुर्घटना की जांच के कड़े निर्देश दिए हैं और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की बात कही है. फिलहाल, सभी घायलों का उपचार जारी है और स्थानीय प्रशासन राहत कार्यों की निगरानी कर रहा है.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP