यूपी: वोटर लिस्ट में दर्ज हुए 'राम ने यादव को मारा' जैसे अजीब नाम, EC ने ERO और AERO से मांगा जवाब
यूपी विधान परिषद चुनाव की वोटर लिस्ट में अजीबोगरीब नाम सामने आने के बाद हंगामा मच गया है. 'राम ने यादव को मारा' जैसे नाम और पिता के नाम की जगह 'B.Com' दर्ज होने पर चुनाव आयोग ने संबंधित अधिकारियों से जवाब तलब किया है.
लखनऊ । डेस्क: उत्तर प्रदेश विधान परिषद चुनाव के दौरान प्रयागराज स्नातक निर्वाचन क्षेत्र की मतदाता सूची में अजीबोगरीब गड़बड़ी सामने आने के बाद हड़कंप मच गया है. मतदाता सूची में नाम और विवरण की जगह "राम ने यादव को मारा", "राम ने शर्मा को मारा" और पिता के नाम के स्थान पर "B.Com" जैसी प्रविष्टियां दर्ज पाई गईं.
इन गलतियों की तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद काफी हंगामा हुआ, जिसके बाद निर्वाचन आयोग ने मामले को गंभीरता से लेते हुए मंडल आयुक्त (ईआरओ) और अतिरिक्त मुख्य निर्वाचन अधिकारी से जवाब तलब किया है.
मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय द्वारा जारी बयान के अनुसार, विधान परिषद चुनाव के लिए उत्तर प्रदेश में पहली बार ऑनलाइन पंजीकरण की सुविधा दी गई थी.
इस बार कुल 14,81,310 प्रविष्टियों में से करीब 158 नाम अजीबोगरीब पाए गए हैं. इसका मुख्य कारण सॉफ्टवेयर द्वारा अंग्रेजी से हिंदी में अनुवाद की तकनीकी त्रुटि है.
अंग्रेजी में लिखे गए नाम को सॉफ्टवेयर द्वारा केवल देवनागरी लिप्यंतरण (ट्रांसलिट्रेशन) किया जाना था, लेकिन त्रुटिवश सॉफ्टवेयर ने उसका शाब्दिक अनुवाद कर दिया. इसके अतिरिक्त पिता के नाम की जगह डिग्री दर्ज होना मानवीय भूल और जांच अधिकारियों की लापरवाही का परिणाम है.
चुनाव आयोग ने स्पष्ट किया है कि त्रुटियों को सुधारने के लिए संपादन (एडिट) की व्यवस्था उपलब्ध थी, लेकिन निचले स्तर पर हुई असावधानी के कारण ये गलतियां सूची में बनी रह गईं. आयोग ने जिला अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि इन गड़बड़ियों की वजह से किसी भी वैध मतदाता को मतदान करने में परेशानी न हो. प्रदेश के 30 से अधिक जिलों में फैले 5 स्नातक और 6 शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों के लिए 14 लाख से अधिक मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर रहे हैं.