सरगुजा: आकाशीय बिजली से 1 महिला की मौत, 5 घायल
उदयपुर: आकाशीय बिजली से 1 महिला की मौत, 5 घायल
अंबिकापुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के उदयपुर क्षेत्र में कुदरत का कहर बरपा है, जहां नारायणपुर गांव में गाज गिरने से एक महिला की दर्दनाक मौत हो गई. इस प्राकृतिक हादसे में पांच अन्य ग्रामीण भी बुरी तरह झुलस गए हैं, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
मिली जानकारी के मुताबिक, खोधला ग्राम की रहने वाली 55 वर्षीय फुलबसिया अपने पति के साथ मायके नारायणपुर आई हुई थीं.
शनिवार दोपहर करीब 3 बजे वह अन्य ग्रामीणों के साथ जंगल में महुआ इकट्ठा कर रही थीं, तभी अचानक मौसम का मिजाज बिगड़ गया.
मूसलाधार बारिश से बचने के लिए फुलबसिया और उनके साथी पास ही स्थित एक बरगद के पेड़ की शरण में चले गए. इसी दौरान गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली सीधे उसी पेड़ पर आ गिरी.
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि धमाका इतना जोरदार था कि किसी को संभलने का मौका नहीं मिला.
आसमानी बिजली की चपेट में आने से फुलबसिया ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया. वहीं, इस घटना में चितरंजन, अरुण, चंदा, मनोहर और पार्वती गंभीर रूप से घायल हो गए.
आनन-फानन में ग्रामीणों ने निजी संसाधनों के जरिए सभी घायलों को उदयपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया.
अस्पताल में डॉक्टरों ने फुलबसिया को मृत घोषित कर दिया, जबकि अन्य पांचों घायलों का उपचार जारी है. चिकित्सा विशेषज्ञों के अनुसार, फिलहाल सभी घायलों की हालत स्थिर बनी हुई है.