बीजापुर में प्रेशर IED विस्फोट से दो ग्रामीण घायल
बीजापुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में उसूर थाना क्षेत्र के जंगलों में माओवादियों द्वारा पहले से लगाए गए प्रेशर आईईडी (IED) की चपेट में आने से दो अलग-अलग घटनाओं में दो ग्रामीण गंभीर रूप से घायल हो गए हैं. पुलिस अधीक्षक उमेश गुप्ता ने घटनाओं की पुष्टि करते हुए बताया कि दोनों हादसे जंगल के संवेदनशील इलाकों में हुए हैं.
पहली घटना सुकमा जिले से नीलम सरई जलप्रपात घूमने आए युवाओं के समूह के साथ हुई. जलप्रपात से लगभग डेढ़ किलोमीटर पहले करीगुण्डम गांव निवासी 13 वर्षीय सोढ़ी देवा का पैर प्रेशर आईईडी पर पड़ गया, जिससे उसके दाहिने पैर की एड़ी में गंभीर चोट आई है.
घटना के तुरंत बाद बालक को उसूर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहाँ से प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है. डॉक्टरों के अनुसार उसकी स्थिति फिलहाल स्थिर बनी हुई है.
वहीं दूसरी घटना नम्बी जलधारा क्षेत्र के पास हुई, जहाँ नम्बी गांव के दो ग्रामीण मवेशी चराने जंगल गए थे. इसी दौरान 15 वर्षीय विनोद कट्टम माओवादियों के बिछाए प्रेशर आईईडी की चपेट में आ गया और उसके भी दाहिने पैर में चोट आई है.
क्षेत्र में हो रही भारी बारिश और नदी-नालों में उफान के कारण रेस्क्यू ऑपरेशन में चुनौतियां आ रही हैं, लेकिन सुरक्षा बल बेहद सावधानी के साथ घायल को सुरक्षित बाहर निकालने के प्रयास में जुटे हुए हैं.
पुलिस प्रशासन ने आम नागरिकों और पर्यटकों से अपील की है कि वे जंगलों, जलप्रपातों और संवेदनशील इलाकों में जाते समय विशेष सतर्कता बरतें और सुरक्षा निर्देशों का कड़ाई से पालन करें.